अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषरायपुर जिला

MLA बृजमोहन अग्रवाल की सुरक्षा में तैनात कॉन्स्टेबल ने पारिवारिक कारणों से खुद को मारी गोली ‘सुसाइड नोट में ससुर और साले की पत्नी पर लगाए आरोप

19 अगस्त 2021 | रायपुर के शंकर इलाके में एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने खुदकुशी कर ली। मध्यप्रदेश के मुरैना का निवासी 35 साल का विशंभर राठौर नाम का ये जवान पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की सुरक्षा में तैनात था। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे उसने सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली सिर को छेदते हुए निकल गई। फर्श पर काफी खून बिखर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। करीब 6 घंटे तक राठौर का शव कमरे में पड़ा रहा। सुबह 11 बजे जब उसके सहकर्मी कमरे में पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सुसाइड नोट में उसने अपने ससुर और साले की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

ये घटना पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के सरकारी बंगले के ठीक पीछे हुई है। यहीं एक कमरे में राठौर रहा करता था। कुछ महीनों से वो अकेला ही रह रहा था। पारिवारिक विवाद की वजह से पत्नी दूसरी जगह पर रह रही थी। जांच में ये बात सामने आई है कि पत्नी से अनबन की वजह से मानसिक तौर पर विशंभर परेशान रहा करता था। इसी डिप्रेशन ने उसे जकड़ा और उसकी मौत हो गई। पूरे मामले की जांच सिविल लाइंस पुलिस कर रही है।

बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों से पुलिस पूछताछ में गोली चलने की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। वहीं जिस कमरे में विशंभर की मौत हुई वहां फॉरेंसिक एक्सपर्ट जांच में जुटे हैं। उन्होंने भी मौत काफी देर पहले होने की आशंका जाहिर की है।

सुसाइड नोट में ससुर और साले की पत्नी पर आरोप लगाए
विशंभर राठौर के शव के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट पर विशंभर ने लिखा है मैं अपने पूरे होशों हवास में जान दे रहा हूं। मुझे मेरे साले की पत्नी और उसका पिता (मृतक का ससुर) ब्लैकमेल कर रहे थे। सिविल लाइंस थाने के प्रभारी ने बताया कि किन बातों पर ब्लैकमेल किया जा रहा है इसका खुलासा नहीं हो सका है।

इस पूरे मामले में अवैध संबंधों के मामले का भी खुलासा हो सकता है। जवान के परिजन मुरैना में रहते हैं। जवान भी मूलत: मुरैना का रहने वाला है। परिजनों को पुलिस ने खबर दी है। परिजनों की तरफ से कोई जानकारी अब तक पुलिस को नहीं दी गई है। मौत की खबर सुनकर वो रायपुर आने के लिए रवाना हुए हैं। कल शुक्रवार को घर वाले रायपुर पहुंचेंगे तब और भी खुलासे हो सकते हैं।

डेढ़ महीने पहले पत्नी ने छोड़ा था साथ
विशंभर पिछले 4 सालों से उस टुकड़ी में शामिल था जो पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की सुरक्षा में तैनात है। जानकारी के मुताबिक विशंभर को तस्वीरें खिंचवाने का शौक था। बृजमोहन अग्रवाल के साथ नई-नई जगहों पर जाने के दौरान वो फोटो क्लिक करवाता था। साथी पुलिस जवानों ने बताया कि वैसे तो विशंभर खुश मिजाज था। मगर कुछ पारिवारिक कारणों से परेशान था। अब तक की जांच में ये बात सामने आई है कि पिछले डेढ़ महीने से वो रायपुर में अकेला रह रहा था। पत्नी पहले साथ रहती थी मगर साले की पत्नी और ससुर से हो रहे विवाद की खबर पाकर पत्नी मुरैना लौट गई थी। सरकारी क्वाटर में मृतक अकेला ही रह रहा था।

 

Related Articles

Back to top button