रायगढ जिला

शिकायत दर्ज:दहेज के लिए घर से निकाला, पति; सास ससुर और ननद पर दर्ज हुआ मुकदमा

  • 16 मई 2021 को वर्षा पटेल (27) ने पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई
  • जतरी के नूतन पटेल के साथ उसकी शादी दो साल पहले हुई थी

पुसौर पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर दहेज मांग रहे पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का जुर्म दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि 30 जून 2019 को शादी के बाद से ही, थोड़ा दहेज लाई है, कहकर पति और ससुरालिए उसे ताना देते रहे। मई में उसे लेने आए पिता से भी गाली गलौज की, यह कहते हुए घर से निकाला कि जब दहेज देने की हैसियत हो तो बेटी को यहां छोड़ना।

जानकारी के मुताबिक 16 मई 2021 को वर्षा पटेल (27) ने पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि जतरी के नूतन पटेल के साथ उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। उसके पिता ने शादी में परंपरा के मुताबिक जरूरी घरेलू सामान व फर्नीचर के साथ गाड़ी के नाम पर 20 हजार रुपए नकद, 13 तोला सोना और 700 ग्रामीण चांदी दी थी। शुरुआत के पांच महीने सब सामान्य रहा फिर पति नूतन, ससुर ओमप्रकाश पटेल, सास जमुना बाई पटेल, ननद कविता पटेल ने बाइक खरीदने के लिए रुपए, सोना और चांदी लाने लाने का दबाव डालना शुरू किया। बात-बात पर ताने देते थे। खाना देना बंद कर दिया, कई बार कमरे में बंद कर दिया। वह कहती कि, उसके पिता बाकी रुपए और जेवरात भी दे देंगे लेकिन पति उससे मारपीट करने लगा।

इसी दौरान वह गर्भवती हुई, सालभर बाद बच्चा हुआ, जचकी पर हुआ खर्च भी वर्षा के पिता ने दिया। पिता समाज के दो लोगों को लेकर पहुंचे, समझाइश पर तीन महीने तक सब ठीक रहा लेकिन फिर पति और बाकी ससुरालियों ने मारपीट शुरू की। कमरे में बंद कर बिजली कनेक्शन काट दिया। 15 मई को वर्षा ने तोरना गांव में अपने पिता को फोन कर बुलाया। जब पिता और भाई उसे लेने पहुंचे तो उनसे भी गाली गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। पिता ने रिश्ता बनाए रखने और बाकी नकदी और सामान के लिए थोड़ा इंतजार करने के लिए समझाया लेकिन दामाद के साथ समधी ने कहा, जब तक बाकी रकम और सोना चांदी नहीं दे सकते तब तक अपनी बेटी को अपने पास रखो, यहां मत लाना।

Related Articles

Back to top button