जवानों ने किया 15 अगस्त समारोह का पूर्वाभ्यास:15 अगस्त समारोह में करेंगे कोरोना प्रोटोकाॅल का पालन

15 अगस्त को स्थानीय हाई स्कूल मैदान में स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय समारोह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास काे कलेक्टर जितेंद्र कुमार शुक्ला और एसपी प्रशांत ठाकुर ने देखा। कलेक्टर ने ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गीत पर आधारित धुन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जनता के नाम भेजे संदेश, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों का सम्मान, पुरस्कार वितरण के पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया। उन्होंने वीआईपी, नागरिकों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और लोगों की बैठक की व्यवस्था, आम जनों के प्रवेश-निकास की व्यवस्था आदि का निरीक्षण किया और स्वतंत्रता दिवस समारोह के सभी कार्यक्रमों के मद्देनजर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन के निर्देश – कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल में प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगंतुकों से कहा कि वह कार्यक्रम स्थल पर मास्क पहनकर आएं और 2 गज की दूरी बनाए रखें। कलेक्टर ने समारोह स्थल के सभी पॉइंट पर कोविड-19, प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने कहा।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 8.59 बजे मुख्य अतिथि संसदीय सचिव चंद्र देव प्रसाद राय का हाईस्कूल मैदान आगमन होगा। वे 9बजे ध्वजारोहण करेंगे। 9 से 9.30 बजे तक राष्ट्रगान एवं सलामी। फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। 9.20 बजे पुरस्कार वितरण और 9.45 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।



