डूबने से किसान की मौत:दंतेवाड़ा में नदी में नहाने गया था गणेश, 5 घंटे बाद तैरती मिली लाश

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नदी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई है। गुरुवार को किसान गणेश अपने खेत में हल जोतने के बाद नदी में नहाने गया हुआ था। लेकिन कुछ घंटों के बाद किसान की लाश पानी में तैरती हुई मिली। ग्रामीण, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गीदम अस्पताल लेकर आए। जहां पीएम के बाद उन्होंने शव को वापस घर ले जाने के लिए अस्पताल प्रबंधन से शव वाहन की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें गाड़ी नहीं दी गई और खुद की व्यवस्था से शव लेकर जाने को कहा गया। इस बीच परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं यह पूरा मामला गीदम थाना क्षेत्र है।

जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा जिले के मुस्तलनार ग्राम पंचायत के आश्रित गांव सालनर का रहने वाला गणेश बघेल खेत में हल जोत रहा था। इस बीच वह पास के ही नदी में नहाने के लिए गया हुआ था। घंटों बीत जाने के बाद भी जब गणेश नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूंढने के लिए नदी की तरफ गए। जहां पानी में गणेश की लाश तैरती हुई मिली। ग्रामीणों ने नदी से शव को बाहर निकाला और इस घटना की सूचना फौरन मुस्तलनार के सरपंच को दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के माध्यम से शव को पहले गीदम थाना लेकर आए, जहां इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गुरुवार को ही पीएम होने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजनों व ग्रामीणों का आरोप है कि जब शव को वापस गांव लेजान के लिए अस्पताल प्रबंधन से वाहन की मांग की गई तो उन्हें अपनी खुद की व्यवस्था से शव लेजान को कहा। इस बीच मृतक के परिजनों को काफी परेशानियों का सामान करना पड़ा। इस सम्बंध में भास्कर ने अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए कॉल किया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।



