खेलते-खेलते पहुंच गए थे तालाब के पास:पिता के पीछे-पीछे घर से निकले दोनों बच्चों की डूबने से मौत

कुनकुरी विकासखंड के घटमुंडा में ग्रामीण को देख जाता देखकर उसका 3 वर्षीय बेटा व 4 वर्षीय भतीजा उसके पीछे-पीछे चल दिए।परिवार के किसी सदस्य ने उन पर ध्यान दिया। नतीजा खेत जाने के दौरान बच्चे तालाब चले गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक कुनकुरी थानाक्षेत्र के घटमुंडा निवासी सुधीर केरकेट्टा रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह 7 बजे खेत जाने के लिए निकला। इस दौरान सुधीर का 3 वर्षीय बेटा स्वर्णिम केरकेट्टा व भतीजा अभिषेक केरकेट्टा 4 वर्ष घर की आंगन में खेल रहे थे। सुधीर को घर से बाहर निकलता देख स्वर्णिम और अभिषेक भी पीछे-पीछे चल दिए। कुछ ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को सुधीर के पीछे जाते देखा था, पर सुधीर को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुधीर खेत में चला गया।
बच्चे रास्ता भटककर तालाब के पास चले गए। खेलते-खेलते वे पानी में जा घुसे। इस दौरान दोनों बच्चों को ढूंढ़ते हुए परिवार के अन्य लोग पहुंचे। सुधीर ने अनहोनी की आशंका से तालाब के पास पहुंचा और डूब रहे बच्चों को देखकर उन्हें बाहर निकाला। परिवार वाले दोनों बच्चों को लेकर कुनकुरी के हॉलीक्रास अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



