जांजगीर-चाम्पा जिला

शहर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का ऐसा हाल…:विडंबना , स्कूल गेट पर कीचड़ और दीवारों में सीपेज, टूटा फर्श, टॉयलेट नहीं

राज्य शासन द्वारा प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर प्रत्येक विकासखंड में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की स्थापना की गई है। नगर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 2 अगस्त से 10 वीं व 12वीं की कक्षाएं शुरू हो गई है। यहां सुविधाओं का अभाव है। स्कूल भवन पुराना तथा भवन की दीवारें तथा फर्श टूट चुके हैं। प्रवेश द्वार में पानी का जमाव के कारण कीचड़ होने से छात्र छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिना किसी तैयारी के पूर्व ही पढ़ाई शुरू करा दी गई है। शाला भवन में लैब एवं लाइब्रेरी तक नहीं है। इस स्कूल में कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक 425 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है।

कक्षा 10वीं एवं 12वीं कक्षाएं प्रारंभ होने के साथ-साथ अध्यापन कार्य भी प्रारंभ हो गया है, लेकिन स्कूल में आधुनिक टेक्नोलॉजी से लगाई गई एलईडी स्क्रीन के बदले ब्लैक बोर्ड में ही चाक से पढ़ाई शिक्षक करा रहे है। दसवीं में 22 व 12वीं में गणित विषय में एक, जीव विज्ञान में तीन एवं कॉमर्स में दो सहित 6 छात्र एवं छात्राओं को प्रवेश दिया है। स्कूल में शिक्षकों की कमी होने एवं अध्यापन कार्य अंग्रेजी के बदले हिंदी विषय में होने से छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ने लगी है। हिन्दी में पढ़ाई होने से अंग्रेजी माध्यम स्कूल का लाभ छात्र छात्राओं को नहीं मिल पा रहा है। डीईओ द्वारा पढ़ाई के लिए कई शिक्षकों को अटैच किया है, वे मिडिल स्कूल के लिए हैँ। अटैच किए गए 5 शिक्षकों ने अब तक ज्वाइन भी नहीं ली है। हाई व हायर सेकंडरी की कक्षा एवं प्राथमिक शाला की कक्षाओं में भी अंग्रेजी माध्यम के शिक्षकों की कमी है, इसलिए पढ़ाई कैसे होगी इस पर अभी से प्रश्नचिन्ह लगना शुरू हो गया है।

परिसर में टॉयलेट की भी व्यवस्था नहीं
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में महिला शिक्षकों व छात्राओं के लिए वॉशरूम व टॉयलेट की भी व्यवस्था नहीं है। इस स्कूल में 9 महिला शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। छात्राएं भी अब स्कूल आने लगी हैं। सबको परेशानी हो रही है।

कमरे में धूल खा रहे एलईडी स्क्रीन व कम्प्यूटर
राज्य शासन द्वारा स्कूल में हाईटेक पढ़ाई के लिए एलईडी, प्रोजेक्टर मशीन, टच स्क्रीन ब्लैक बोर्ड एवं कंप्यूटर स्कूल में भेजा है, लेकिन एलईडी के साथ प्रोजेक्टर एवं कंप्यूटर इंस्टॉल नहीं होने से इसका लाभ छात्र छात्राओं को नहीं मिल पा रहा है। शाला परिसर में कक्ष के अंदर एलईडी स्क्रीन एवं कंप्यूटर धूल खा रहे हैं।

अभी इस स्कूल में हैं 425 छात्र-छात्राएं
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में क्लास वन में 39, सेकंड में 39, थर्ड में 40, फोर्थ में 39, फिफ्थ में 40, सिक्स्थ में 40, सेवंथ में 40, एट्थ में 38, नाइन्थ में 38, टेंथ में 22, इलेवंथ में 44 एवं ट्वेल्थ में 6 सहित 425 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। ये विद्यार्थी आधी-अधूरी सुविधा के बीच शिक्षा लेंगे।

जल्द बनेगा टाॅयलेट, दरारों की जानकारी नहीं: प्राचार्य
स्कूल की कक्षाओं में नए फर्नीचर लगाने, एलईडी एवं प्रोजेक्टर लगाने का कार्य किया जा रहा है। 33 शिक्षकों की संविदा भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला गया है, शाला भवन जर्जर होने फर्श एवं दीवारों में दरार आने के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। स्कूल परिसर में टॉयलेट बनाने के लिए नगर पालिका परिषद में राशि जमा की जा चुकी है, नपा द्वारा टॉयलेट का निर्माण कार्य किया जाएगा।’’
-आरएन बंजारे, प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल अकलतरा

Related Articles

Back to top button