विसर्जन के दौरान हुआ विवाद, युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

18 अक्टूबर 2021| सिविल लाइन थाना के तालापारा में रहने वाले एक युवक पर दो अन्य युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना दुर्गा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच झगड़ा से शुरू हुई थी। जो बड़ा रूप ले लिया। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तार हुई है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
शनिवार और रविवार की रात दुर्गा विसर्जन का दौर चला। आधी रात के बाद मगरपारा के बजरंग युवा मंच और त्रिदेव युवा मंच दो दुर्गोत्सव समितियां अपनी-अपनी दुर्गा प्रतिमा को लेकर विसर्जन करने निकले। दोनों समितियों के लोग अपनी-अपनी टोली के साथ नाचने में व्यस्त थे। इसी दौरान दोनों समितियों के कुछ युवक आपस मे भीड़ गए। पहले गली-गलौच हुआ, फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर दूसरे पर हमला कर दिया। इस हमले में देवा गुप्ता घायल हो गया। हमला करने वाले युवक का नाम राहुल भिमटे है। उसके साथ एक और नाबालिग युवक भी था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है। चाकू से हमला होने के बाद दोनों समितियों के बीच भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। आनन फानन में चाकूबाजी से घायल पक्ष युवक को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे। लेकिन कोई भी जरूरी लिखा पढ़ी किए बिना ही उन्हें सिम्स अस्पताल जाने को कह दिया गया।
इलाज के लिए भटकाव, घायल की हालत और बिगड़ी
घटना के बाद हमले में घायल देवा गुप्ता को इलाज के लिए सिम्स लाया गया। यहां उसे उस तरह से इलाज नहीं मिलने पर परिजन उसे किम्स ले गए। घटना के बाद से उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पेट में चाकू लगा है और घाव काफी गहरा है। इसके कारण ही उसे बेहतर इलाज की जरूरत है।



