कबीरधाम विशेष

शहर में 5 सरकारी क्वार्टर के ताले टूटे:पेंचकस अड़ाकर तोड़ी कुंडी, डेढ़ लाख कैश और 9.60 लाख रुपए के गहने चाेरी

शहर के कलेक्टर कॉलोनी में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने डिप्टी कलेक्टर समेत 5 सरकारी क्वार्टर के ताले तोड़ दिए। घर में रखे डेढ़ लाख रुपए कैश और 9.60 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए। खास बात यह है कि सभी घरों में चोरी का पैटर्न एक जैसा है। पेंचकस अड़ाकर घरों की कुंडी तोड़ी गई है, जिससे यह एक ही गैंग का काम होना लग रहा है।

वारदात के बाद मंगलवार सुबह डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। घरों को सूंघने के बाद मेन रोड तक आकर भटक गया। पुलिस के पास चोरों का कोई सुराग नहीं है। बहरहाल 5 अलग-अलग टीम बनाकर जांच की जा रही है। कलेक्टोरेट में सहायक ग्रेड-3 दीपमाला पति पीयूष दुबे के घर से ज्यादा रकम गायब हुआ है। वारदात वाली रात फैमिली मेडिकल इमरजेंसी के चलते रायपुर गई थी। कुंडी तोड़कर चोर घर में घुस आए। पीड़ित पीयूष दुबे ने बताया कि आलमारी के लॉकर में रखे 1.50 लाख रुपए कैश और 5.40 लाख रुपए कीमती 12 तोला सोने के गहने व करीब 4 लाख रुपए कीमती चांदी के गहरे चोरी हुए हैं।

सांख्यिकी अधिकारी के घर से 20 हजार रुपए चाेरी
कलेक्टर कॉलोनी स्थित जिला सांख्यिकी विभाग के सहायक अधिकारी अजीत सिंह के घर से 20 हजार रुपए कैश चोरी हुआ है। वहीं भू-अभिलेख के स्टाफ व एक अन्य सरकारी क्वार्टर का ताला टूटा है। फैमिली बाहर होने से कितने की चोरी हुई, यह फिलहाल पता नहीं चला है। डिप्टी कलेक्टर संदीप ठाकुर के घर में सिर्फ 1800 रुपए कैश रखा था। वारदात वाली रात वे बिलासपुर गए हुए थे। चाेर उनके मकान में घुसे थे। चोरों ने 1800 रुपए कैश देखा भी, लेकिन चोरी नहीं की। फिलहाल पुलिस के पास चोरों का कोई सुराग नहीं है। चोरी के तरीके से ऐसा अंदेशा है कि इसमें किसी गिरोह का हाथ है।

पहले भी कॉलोनी से लगे एक मकान में हुई थी चोरी
कलेक्टर कॉलोनी से लगे गंगानगर पानी टंकी के पास पात्रो फैमिली के मकान में 11.60 लाख रुपए के गहनों की चोरी हुई थी। घर के सामने पेड़ के सहारे चोर अंदर घुसे थे। पुलिस के हाथ कैमरे की फुटेज लगी थी, लेकिन दो साल बाद भी मामला ठंडे बस्ते में हैं।

टीआई बोले- जांच कर रहे कॉलोनी में कैमरा ही नहीं
कोतवाली थाना कवर्धा के टीआई मुकेश सोम का कहना है कि बेमेतरा व कवर्धा में हुई चोरी का पैटर्न एक जैसा है। ये चोरी एक ही गिरोह का काम लग रहा है। कलेक्टर कॉलोनी में कहीं भी कैमरा नहीं लगा है, जिससे चोरों का सुराग नहीं मिला है। भोरमदेव मंदिर में सोमवार को बड़ी संख्या में दीगर जिले से लोग आए-गए हैं, इसलिए गाड़ियों की पहचान में दिक्कत हो रही है। जांच के लिए 5 टीम बनाई गई है। इन्हें विभिन्न स्थानों पर सक्रिय किया है, साथ ही मुखबीरों को भी अलर्ट किए हैं। उम्मीद है जल्द ही कोई सुराग मिलेगा।

भास्कर तत्काल: हमारी सुरक्षा भगवान भरोसे, कॉलोनी में कहीं पर बाउंड्रीवॉल नहीं, न ही सिंगल कैमरा लगा
कलेक्टर कॉलोनी में सुरक्षा बंदोबस्त की बुरी स्थिति है। काॅलोनी में बहुमंजिला आवास बने हैं, जहां 80 से अधिक क्वार्टर हैं, जिसमें अफसर व स्टाफ की फैमिली रहती है। लेकिन कहीं पर कोई बाउंड्रीवॉल नहीं है। केवल अफसर के बंगलों में बाउंड्रीवॉल हैं, लेकिन उसकी भी ऊंचाई इतनी कम है जिसे कोई भी आसानी से फांद सकता है। स्थिति इतनी बुरी है कि कॉलोनी में एक सिंगल कैमरा तक नहीं लगा है। जबकि कलेक्टर कॉलोनी से लगा हुआ डॉक्टर्स कॉलोनी व छीरपानी कॉलोनी भी है।

यहीं कलेक्टर, एसपी समेत तमाम प्रशासनिक अफसरों के बंगले मौजूद हैं। वारदात के बाद यहां से भागने के कई रास्ते हैं। एक रास्ता कलेक्टोरेट की ओर जाता है, दूसरा पीजी कॉलेज और तीसरा शिक्षक कॉलोनी और चौथा प्रोफेसर कॉलोनी की ओर जाता है। विडंबना है कि कहीं भी रात्रि गश्त के लिए प्वाइंट नहीं लगता है। जबकि ऐसे स्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसी कैमरे लगवाना अत्यंत जरूरी है।

ऐसी व्यवस्था : 15 की जगह 5 प्वाइंट पर नाइट गश्त
इस चोरी से कोतवाली पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। पड़ताल से मालूम हुआ कि अफसरों के बंगलों में 4 से 5 स्टाफ की ड्यूटी रहती है। वहां स्टाफ कटौती की जगह रात्रि गश्त के प्वाइंट कम कर दिए हैं। पूर्व में शहर की 15 जगहों पर नाइट गश्त में जवानों की ड्यूटी लगती थी, लेकिन अब सिर्फ 5 प्वाइंट सराफा लाइन, गंगानगर पानी टंकी, नवीन बाजार, मिनीमाता चौक और करपात्री चौक पर गश्त लगता है।

जबकि राजमहल चौक, बूढ़ा महादेव चौक, लोहारा नाका, छिरपानी कॉलोनी समेत 10 अन्य जगहों पर रात्रि गश्त प्वाइंट नहीं लग रहा है। इस संबंध में बताया जा रहा है कि एसपी ऑफिस से किसी का गश्त नहीं लगता, क्योंकि अफसरों से कहकर रात्रि गश्त से नाम कटवा लिए हैं।

Related Articles

Back to top button