युवाओं का रुझान:स्मार्ट फोन ट्रेड के लिए सबसे कम सिर्फ 24 आवेदन

- महिला आईटीआई में कोपा ट्रेड के लिए सर्वाधिक 604 तो कुल 7 ट्रेडों पर 1048 आवेदन आए
कांकेर महिला आईटीआई में प्रशिक्षण के लिए सबसे ज्यादा कोपा ट्रेड के लिए छात्राओं ने आवेदन किया है। स्मार्ट फोन ट्रेड में सबसे कम आवेदन आए हैं। 10 वीं कक्षा के अंकसूची के उच्चतम अंक के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। कोरोना को लेकर पिछले साल से आईटीआई संस्थान में ऑनलाइन आवेदन मंगाए जा रहे हैं। इस वर्ष भी 3 से 8 अगस्त तक प्रवेश प्रकिया के लिए विभिन्न ट्रेड में आवेदन मंगाए गए। कांकेर महिला आईटीआई में 7 ट्रेड के 204 सीटों के लिए 1048 आवेदन आए।
सबसे ज्यादा कोपा ट्रेड की 48 सीटों के लिए 604 आवेदन आए। हिंदी स्टेनो में भी 48 सीट हैं जिसके लिए 202 आवेदन आए। इलेक्ट्रेशियन ट्रेड की 20 सीटों के लिए 200 आवेदन आए। हॉस्पिटल हाऊस कीपिग की 24 सीटों के लिए 95 आवेदन आए। ड्रेस मेकिग की 20 सीटों के लिए 77 आवेदन आए। सिविंग टेक्नोलाजी की 20 सीटों के लिए 43 आवेदन आए। सबसे कम आवेदन स्मार्ट फोन ट्रेड के लिए आए। स्मार्ट फोन ट्रेड की 24 सीटों के लिए मात्र 24 आवेदन आए।
10 वीं कक्षा में उच्चतम अंक के आधार पर छात्राओं का चयन महिला आईटीआई के लिए किया जाएगा। इस वर्ष प्रतिशत भी गत वर्ष की अपेक्षा ज्यादा आए हैं। सबसे ज्यादा प्रतिशत इलेक्ट्रेशियन ट्रेड में 94.6 प्रतिशत तक गया है। कोपा ट्रेड में 94 प्रतिशत गया है। स्टेनो में 82 प्रतिशत, ड्रेस मेकिग में 81.5 प्रतिशत, स्टेनो में 81 प्रतिशत, सिविंग में 76 प्रतिशत तक उच्चतम अंक गया है। हाऊस कीपिग में 81.5 प्रतिशत तक के अभ्यर्थियो ने आवेदन किया है। कांकेर के साथ दूसरे जिलाें नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी व बालोद से भी आवेदन आए हैं।
छात्राएं 14 अगस्त तक ले सकती हैं प्रवेश
उच्चतम अंक के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन होगा। प्रथम सूची 12 अगस्त को जारी की जाएगी।14 अगस्त तक प्रथम सूची के आधार पर चयन किया जाएगा। चयनितों के मोबाइल में मैसेज आएगा। इसके आधार पर उक्त तिथि को पहुंच जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज के साथ आईटीआई में पहुंच प्रवेश लेना है। प्रथम लिस्ट के अनुसार जो अभ्यर्थी नही पहुंचेंगे उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची वालों को मौका दिया जाएगा।
12 अगस्त को पहली चयन सूची जारी होगी
महिला आईटीआई प्राचार्य सुरेश ध्रुव ने कहा कि सबसे ज्यादा आवेदन कोपा ट्रेड के लिए आए हैं। 12 अगस्त को प्रथम लिस्ट प्रवेश के लिए जारी की जाएगी। उच्चतम अंक के आधार पर छात्राओं की प्रवेश प्रकिया होगी।



