आयोजन:हर गांव को डॉक्टर और शिक्षक की सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता: बघेल

- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों से जुड़े
विश्व आदिवासी दिवस पर सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने निवास कार्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से जुड़े। मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी और बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के हितग्राहियों को व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, सामुदायिक वन अधिकार पत्र एवं वन संसाधन पत्र का वितरण किया। मेधावी छात्रों का सम्मान भी किया गया।
मुख्यमंत्री बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल-जंगल-जमीन सहित हर तरह के स्थानीय संसाधनों पर स्थानीय समुदायों का अधिकार सुनिश्चत करना और उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार आदिवासी समुदायों के सांस्कृतिक विकास के साथ-साथ उनके सामाजिक, आर्थिक विकास की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण वन क्षेत्रों के चारागाहों और जलाशयों से लेकर वनोपजों तक आदिवासी समुदायों के अधिकारों का दायरा बढ़ा है। वे अब ज्यादा आसानी से खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन, लाख उत्पादन, वनोपज संग्रहण करते हुए जीवन यापन कर रहे हैं।
वन भूमि पर खेती कर रहे आदिवासियों को अब आम किसानों की तरह शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान से राज्य में अब तक 1 लाख 40 हजार से अधिक बच्चे कुपोषण मुक्त हो चुके हैं। इसी तरह 80 हजार से अधिक महिलाओं को एनीमिया से मुक्ति मिली है। दुर्गम से दुर्गम क्षेत्रों तक मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना से चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही है। अब तक आदिवासी क्षेत्रों के 11 लाख ग्रामीणों को लाभ हुआ है।
अभियान चलाकर वितरण: सिन्हा
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि जिले में आज 103 व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 20 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 30 वन संसाधन पत्र वितरण किया गया। मोहला, मानपुर, अंबागढ़ चौकी में विशेष अभियान चलाकर सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरण कर रहे हैं। इस अवसर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज रायपुर में एमबीबीएस में चयनित विद्यार्थी विकासखंड मोहला के ग्राम मटेवा जतिन गोटे एवं एनआईटी में चयनित विद्यार्थी विकासखंड अंबागढ़ चौकी ग्राम हांडीटोला विलास कुमार सहारे और विकासखंड छुरिया के महेन्द्र कुमार भूआर्य को लैपटाप प्रदाय के लिए 50 हजार का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में आवासीय विद्यालय एकलव्य के उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिसमें कक्षा 10वीं से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पेंड्री के विद्यार्थी अमित कुमार आंचला, कुमारी भारती कोमा तथा 12वीं से हर्षिता, खेलेश्वर कुमार गांवरे को उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
मंडावी ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया
संसदीय सचिव इन्द्रशाह मंडावी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष राजनांदगांव में हितग्राहियों को व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, सामुदायिक वन अधिकार पत्र एवं वन संसाधन पत्र का वितरण किया। उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के हित में सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक क्षेत्र में कार्य हुए है। इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।



