नशे के चलते हादसा:रेत तस्करी कर रहे टिप्पर चालक ने नशे में स्कूटी को मारी ठोकर, सीएएफ जवान की पत्नी की मौत

- घायल महिला होमगार्ड ने उठकर चालक को पकड़ने के लिए चलते हुए वाहन पर चढ़ने की कोशिश भी की
पुलिस द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने की कवायद के बीच गुरूवार को एक और हादसा हो गया। रेत तस्कर के ट्रक चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी में सवार जंगलवार कालेज के जवान की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी चला रही होमगार्ड की महिला जवान घायल हो गई। जंगलवार कॉलेज में पदस्थ सीएएफ के जवान उमेश्वर नेताम की पत्नी बसंती नेताम 27 वर्ष अपनी पड़ोसी ईमलीपारा पत्थर्री निवासी महिला होमगार्ड लिलमा साहू के साथ उसकी स्कूटी में बाजार सामान खरीदने जा रही थी।
दोपहर 12 बजे िसंगारभाट स्थित दंतेश्वरी पेट्रोलपंप के निकट पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से टिप्पर उनके करीब आई तो उसने स्कूटी को और सड़क किनारे किया लेकिन चालक उन्हें ठोकर मार रगड़ते हुए आगे बढ़ गया। स्कूटी सवार दोनों महिला गिर गई और पीछे बैठी बसंती नेताम का सिर टिप्पर के पिछले चक्के में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घायल होमगार्ड महिला उठकर चालक को पकड़ने चलते हुए वाहन पर चढ़ने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान वहां जमा भीड़ ने वाहन को रोक लिया। महिला होमगार्ड के हाथ व पैर में हल्की चोटें आई है। होमगार्ड ने बताया टिप्पर का चालक शराब के नशे में धुत्त था। वह वाहन से उतरकर भी नशे में लड़खड़ा रहा था। सूचना मिलते ही महिला का पति अस्पताल पहुंचा। जवान ने बताया 3 दिन पूर्व ही वह कोंडागांव से कांकेर आई थी। चालक की तलाश जारी टीआई डीएस देहारी ने कहा वाहन को जब्त कर लिया गया है। चालक फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
थाने से चालक गायब मालिक भी अंडरग्राउंड
चालक टिप्पर को लेकर तत्काल थाना तो पहुंचा लेकिन थाना परिसर में टिप्पर खड़ा कर फरार हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की। मालिक को तलब करते उसके घर पुलिस भेजी गई। पुलिस से बचने के लिए मालिक भी अंडरग्राउंड हो गया है।
रेत चोरी करने वाले सभी वाहन बिना नंबर प्लेट के
जिस टिप्पर से हादसा हुआ उसमें नंबर नहीं लिखा हुआ है। पुलिस काफी देर तक नंबर तलाशती रही लेकिन शाम तक नंबर नहीं मिला। जांच के लिए जब गुप्ता सप्लायर्स के सिंगारभांट स्थित घर पहुंचे तो पता चला रेत चोरी करने वहां रखी एक चेन माउंटेन, जेसीबी व एक हाईवा भी बिना नंबर की थी।
ये बड़ा सवाल… इन पर कार्रवाई कब होगी
ट्रैफिक पुलिस शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने लगातार चालानी कार्रवाई कर रही है लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि बिना नंबर वाले रेत ले जाने वाले ट्रेक्टर तथा अन्य वाहन रोजाना शहर के बीच से गुजरते हैं वे कैसे पुलिस की नजर से बच जाते हैं।
बिना नंबर वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान
ट्रेफिक इंचार्ज टीआई रोशन कौशिक ने कहा बिना नंबर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। रेत आदि ले जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी।



