जांजगीर-चाम्पा जिला

साथियों की सलाह पर थाने पहुंच ड्राइवर ने बताई घटना:चाकू से डरा रहा था, धक्का दिया तो गिरने से हुई मौत

पैसे नहीं मिलने पर युवक चलती ट्रक के केबिन पर चढ़ गया और ड्राइवर के गले में चाकू अड़ा दिया। जान बचाने के लिए ड्राइवर ने युवक को चलती ट्रक से धक्का मारा। युवक चलती ट्रक से नीचे गिरा और इस हादसे में उसकी मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर ने पकड़े जाने के डर से शव गड्ढे में छिपा दिया। आखिर में जब पकड़ा गया तो ड्राइवर ने चांपा पुलिस को पूरी कहानी बताई। पुलिस ने मामले में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय के समक्ष गुरुवार को पेश किया।

घठौली चौक चांपा निवासी ज्योति सूर्यवंशी अपने पति के साथ 4 अगस्त को चांपा थाने पहुंच कर पति अविनाश सूर्यवंशी के दो दिनों से घर नहीं आने की सूचना पुलिस को दी थी। पत्नी ने पति के दोस्तों के साथ ट्रक ड्राइवरों के साथ विवाद की बात भी पुलिस को बताई थी। पुलिस ने अविनाश की गुमशुदगी दर्ज कर पतासाजी में जुट गई थी। इसी बीच 4 अगस्त की रात ट्रक ड्राइवर दीपक कुमार यादव निवासी झारसुगुड़ा ओडिशा थाने पहुंचा। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह ओआर 23- 9977 ट्रक का मालिक है। वह 30 जुलाई को राउरकेला से पाउडर लोड कर 1 अगस्त को रायगढ़ के रोलिंग मिल में छोड़ने आया था। 2 अगस्त को माल नहीं मिलने पर कोरबा पहुंचा, रात करीब 12 बजे कोरबा जाते वक्त घटौली चौक पर तभी तीन व्यक्ति मिलकर ट्रक रोक लिए। ऊपर चढ़कर पैसे व मोबाइल मंगाने लगे। ड्राइवर ने दो लोगों को 600 रुपए दिए। दोनों नीचे उतर गए। थोड़ी देर बाद दूसरी तरफ से युवक ऊपर चढ़ा और रुपए की मांग करने लगा।

चांपा पहुंचा तो साथियों ने दी थाना जाने की सलाह
दीपक 4 अगस्त को माल की तलाश में वापस चांपा बजरंग चौक पहुंचा। घटना की जानकारी यहां मौजूद लोगों व साथियों को दी। उन्होंने उसे तत्काल पुलिस के पास जाने व पूरी घटना की जानकारी देने की बात कही। तब ड्राइवर पुलिस के समक्ष जाकर पूरी कहानी बताई।

चांपा से 10 किमी दूर छिपाया था युवक का शव
ड्राइवर ने बचने के लिए युवक को ट्रक के केबिन में डालकर आगे ले गया। कोरबा जाते वक्त चांपा से करीब 10 किलो मीटर दूर मड़वारानी के नजदीक गड्ढे व झाडियों के बीच शव फेंक कर चला गया। 3 अगस्त को माल नहीं मिलने पर ड्राइवर पूरे दिन कोरबा में रहा।

Related Articles

Back to top button