पेट्रोल पंप के कैश रूम से 6 लाख रुपए से भरी तिजोरी ले उड़े, तीन भाईयों ने मिलकर दिया अंजाम,


5 अगस्त 2021 | राजनांदगांव जिले में साल्हेवारा के बृज पेट्रोल पंप के कैश रूम से 6 लाख रुपए से भरी तिजोरी की चोरी करने वाले दो भाईयों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें अभी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। सुनियोजित तरीके से प्लान बनाकर पेट्रोल पंप से रुपयों से भरी तिजोरी को लेकर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने नगद 4 लाख 24 हजार रुपए ,कार व हाईटेक मोबाइल जब्त किए है।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
जानकारी के मुताबिक, साल्हेवारा के बस स्टैंड के पास स्थित बृज फ्यूल्स से अज्ञात चोरों ने रविवार देर रात बिक्री के छह लाख रुपए तिजोरी सहित उठा ले गए थे। आरोपियों को यह जानकारी पहले से थी कि शनिवार और रविवार के पेट्रोल-डीजल के रुपए बैंक खुली नहीं होने के कारण ऑफिस में रखे तिजोरी में जमा कर रखा गया था। जिसे चौकीदार व CCTV कैमरे के सामने से रुपए लेकर फरार हो गए थे। इस वारदात में शामिल दीपक शांडिल्य और देवेन्द्र शांडिल्य को गिरफ्तार कर लिया गया है और इन दोनों का चचेरा भाई अनुराग शांडिल्य अभी फरार है।

चोरी की कहानी
बताया जा रहा है कि, आरोपी दीपक शांडिल्य का बृज पेट्रोल पंप पर आना-जाना पहले से था। और यहीं से फुटकर पेट्रोल-डीजल लिया करता था। यहां पर उसकी उधारी भी चलती थी। लंबे समय से आरोपी ने रुपयों का हिसाब-किताब नहीं किया था। जिससे करीब ढाई लाख रुपए का कर्ज दीपक पर हो गया था। फिर दीपक ने दमोह में एक निजी कार्यक्रम में, अपने भाई देवेन्द्र व अनुराग को बताया कि साल्हेवारा बृज पेट्रोल पंप में उसका बहुत कर्ज हो गया हैं। पेट्रोल पंप वाले उसे फोन करके रुपए के संबंध में बार-बार परेशान कर रहे हैं। उसके बाद तीनों ने दमोह मे प्लान किया कि साल्हेवारा बृज पेट्रोल पंप की तिजोरी को तोड़कर रुपए चोरी करना हैं। इसके बाद दमोह के मेडिकल स्टोर्स में ग्लब्स, अपने पास रखे स्कार्फ से मुंह को बांधकर, प्लान के मुताबिक एक अगस्त की रात दमोह से साल्हेवारा के लिये अपनी कार से निकले। तीनों पेट्रोल पंप पहुंचें, पेट्रोल पंप के कैश रूम के दरवाजा को ड्रम खोलने वाले लोहे के पाना से खोला। फिर वे तीनों कैश रूम में घुसकर तिजोरी को लेकर पेट्रोल पंप से कार की डिक्की में रखकर, साल्हेवारा से मंडई गांव (मध्य प्रदेश) के लिए रवाना हो गए। फिर तीनों ने चोरी किए रुपए का बटवारा भी किया।
कैमरे पर ढंक दिया था कपड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक,पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरे के फुटेज की जांच की। फुटेज में तीन व्यक्ति अपने चेहरे को ढंके हुए दिखाई दे रहे थे। घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने शातिराना तरीके से स्ट्रांग रूम की तरफ लगे कैमरे को कपड़े से ढक दिया था। ताकि वारदात कैमरे में कैद न हो। पूरी प्लानिंग के तहत चोरी की गई थी।
साइबर सेल से वारदात को ट्रेस करने की मिली मदद
साल्हेवारा थाना प्रभारी बीरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में साइबर सेल की अहम भूमिका रही। इनकी मदद से हमारी टीम आरोपियों के लोकेशन तक पहुंचने में कामियाब रही। इस वारदात में शामिल दो आरोपी व नगद रुपए सहित सारा सामान बरामद किया गया है। और आगे की विवेचना की जा रही है।



