राजनांदगांव जिला

गला रेतकर युवक का शव रेत में दबा दिया:मामले को उलझाने बाइक डैम में फेंककर उसकी चप्पल बाहर रख दी, तीन संदेही हिरासत में

शहर से 10 किमी दूर सुरगी में 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई है। आरोपियों ने बड़ी ही चालाकी से युवक के शव को सुरगी में ही बिजली कंपनी दफ्तर के पीछे रेत में दबा दिया। वहीं उसकी बाइक को भर्रेगांव के डैम में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ जारी है।

सोमवार सुबह भर्रेगांव के डैम में डूबी हुई बाइक गांव के लोगों ने देखी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने पहले बाइक को डैम से बाहर निकाला। पूछताछ में पता चला कि बाइक कोटराभाठा निवासी 35 वर्षीय अनेश साहू की है। अनेश की चप्पल भी डैम के पास ही मिली। पुलिस को सुरगी में अनेश का शव रेत के ढेर में मिलने की सूचना मिली। मामले में सुरगी चौकी प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि अनेश की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके पहले अनेश से जमकर मारपीट भी हुई है, जिसके निशान उनके शरीर पर हैं। आरोपियों ने हत्या के बाद अनेश के शव को रेत के ढेर में दबा दिया था। मामले को उलझाने के लिए बाइक डैम में फेंककर उसकी चप्पल बाहर रख दी गई। अनेश की हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की।

रात में घर से निकला था
तीन संदेहियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। जिनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। कोटराभाठा के ग्रामीणों ने बताया कि अनेश रात में ही अन्य लोगों के साथ निकला था। चौकी प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button