रायगढ जिला

एहतियात के साथ खुले स्कूल:व्यवस्था देखने विद्यालयों में पहुंचे कलेक्टर, बच्चों से पूछा- लॉकडाउन में सिर्फ मस्ती की या पढ़ाई भी

  • सोमवार से खुले जिले के स्कूल, सैनिटाइजेशन के साथ ही सख्त मॉनिटरिंग के आदेश

2 अगस्त से स्कूलों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर भीम सिंह स्कूल संचालन के पहले दिन नटवर स्कूल परिसर में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा सत्तीगुड़ी चौक स्थित शा.इंदिरा गांधी बालक पूर्व माध्यमिक शाला के निरीक्षण में पहुंचे। यहां स्कूल के पहले दिन उन्होंने बच्चों से बात कर उनका उत्साहवर्धन किया और अपने बचपन की बातें साझा कीं।

कलेक्टर ने अंग्रेजी माध्यम स्कूल में संचालित कक्षा चौथी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से बात कर उनकी लॉकडाउन अवधि में की गई ऑनलाईन पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चों से उनकी पिछली कक्षाओं तथा स्कूल के बारे में भी बाते पूछी, जिसका बच्चों ने जवाब दिया। स्कूल में प्रवेशित कुछ बच्चे हिन्दी मीडियम से अंग्रेजी मीडियम स्कूल आए है। कलेक्टर सिंह ने स्कूल में कक्षाओं के संचालन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार बच्चों की उपस्थिति व कोविड के मद्देनजर अन्य सभी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। इस बीच उन्होंने स्कूल परिसर में हुए निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। बच्चों की सुविधा के अनुसार हैण्डवाश तथा सैनिटाइजेशन की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

मेहनत करें तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं: भीम सिंह
कलेक्टर भीम सिंह ने अपने बचपन का वाक्या याद करते हुए बताया कि उन्होंनेे कक्षा 5 वीं तक हिन्दी माध्यम स्कूल में पढ़ाई की। कक्षा 6 वीं में अंग्रेजी मीडियम स्कूल में उनका दाखिला कराया गया। शुरू में उन्हें मीडियम चेंज करने में थोड़ी तकलीफ हुई व टेस्ट में भी कम नंबर आए। परंतु उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मेहनत करते रहे और वार्षिक परीक्षा में उन्होंने कक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया। कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि मेहनत करके आप किसी भी कठिन लक्ष्य को आसान बना सकते हैं।

Related Articles

Back to top button