आरोपी ने जेल से छूटते ही दुष्कर्म पीड़िता पर किया जानलेवा हमला युवती पर समझौता करने का बना रहा था दबाव

2 अगस्त 2021। दुष्कर्म पीड़िता द्वारा समझौता करने से मना किए जाने पर आरोपी ने जेल से छूटते ही उसे ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया। पीड़िता ने प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत की। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी अर्जुंदा निवासी गुमान यादव के खिलाफ धारा 324 व 506 के तहत अपराध दर्ज किया।
मचांदुर पुलिस चौकी में अपराध दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एमकॉम की पढ़ाई कर रही है। उसने आरोपी के खिलाफ करीब तीन महीने पहले दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इसके बाद आरोपी कुछ दिन पहले जमानत पर छूटकर बाहर आया। 24 जुलाई को वह अपने निजी काम से मचांदुर गई थी। दवाई और सामान लेकर लौटते वक्त रास्ते में उसे आरोपी मिल गया।
आरोपी ने उसे पुराना केस वापस लेने की धमकी दी। जब उसने केस में समझौता करने से मना किया तो आरोपी ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के गले पर ब्लेड से वार किया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी युवती पर समझौता करने के लिए दबाव बना चुका है, लेकिन युवती ने मना कर दिया। इसके बाद से लगातार युवती का पीछा कर रहा था। मौका मिलने पर उसने घटना स्थल पर ब्लेड से वार कर दिया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।



