अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषराजनांदगांव जिलाशिक्षा एवं नौकरी

2 अगस्त से सरकारी और निजी स्कूलों में 10वीं-12वीं की कक्षाएं शुरू: चेहरे पर मास्क, मन में उत्साह और कंधों पर बैग लटका कर स्कूल पहुंचे बच्चे

2 अगस्त 2021 | छत्तीसगढ़ में एक साल के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को फिर स्कूलों में घंटी की आवाज सुनाई दी। मन में उत्साह और कंधे पर बैग टांग कर बच्चे सुबह से ही पहुंचने लगे थे। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जारी गाइडलाइन का भी खास ध्यान रखा गया। बच्चों से लेकर शिक्षक तक मास्क लगाए हुए थे। थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही प्रवेश दिया गया।  

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 2 अगस्त से स्कूल खोलने की घोषणा की गई थी। इसके तहत् सरकारी और निजी स्कूलों में 10वीं-12वीं की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। जो कक्षाएं शुरू हुई हैं, उनमें भी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य नहीं है।

1 से 5वीं तक के लिए कुछ जिलों में पंचायत और पार्षदों की अनुमति से स्कूल खोले गए हैं। हालांकि 6वीं, 7वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाएं संचालित नहीं की जा रही हैं।

स्कूलों में प्रार्थना सभा का आयोजन नहीं किया जा रहा है, लेकिन मन में श्रद्धा का भाव लिए छात्र-छात्राएं जरूर विद्या की देवी सरस्वती को प्रणाम और पुष्प अर्पित करते रहे। स्कूल प्रबंधन की ओर से इसकी व्यवस्था की गई थी।

कई स्कूलों में बच्चों को माला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया । वहीं क्लास के ब्लैकबोर्ड पर भी बच्चों के लिए वेलकम स्टूडेंट्स लिखा गया है। सरकार की नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत् स्कूल प्रबंधकों का कहना है कि उन्होंने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

स्कूलों में टीचरों के साथ ही सभी बच्चों की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। उन्हें सैनिटाइज भी किया जा रहा है। छात्रों को टिफिन और पानी की बॉटल घर से ही लाना अनिवार्य है। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जा रहा है।

स्कूलों के प्रबंधन का कहना है कि ऑफलाइन पढ़ाई के साथ ऑनलाइन की भी व्यवस्था की गई है। जो बच्चे घर में रहकर पढ़ना चाहते हैं, उनके लिए पहले की तरह ऑनलाइन क्लास जारी है। जरूरी नहीं है, कि बच्चा स्कूल आकर पढ़ाई करे।

स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक के लिए खोले गए हैं। इस दौरान बच्चों के लिए दो पाली में पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। पहली पाली में सुबह 7 से 11 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक क्लास चलाई जाएगी।

रायपुर में स्कूल खुलने के साथ ही पहले दिन मंत्री, विधायक, शिक्षा सचिव सब पहुंच गए हैं। इसके कारण स्कूल खुलने को भी ईवेंट में बदल दिया गया है। आमापारा स्थित स्कूल में सोशल डिस्टेंसिंग गायब हो गई। एक छोटे से हॉल में बच्चों को बिठा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button