कांकेर जिला (उत्तर बस्तर)

बैठक का अयोजन:बस-ऑटो चालकों ने नहीं किया ड्रेस कोड का पालन, बस स्टैंड में लगे सब्जी के पसरे

जिले में बेलगाम होते यात्री बस, टैक्सी व ऑटो चालकों पर नकेल कसने यातायात पुलिस ने शुक्रवार को एक बैठक बुलाई थी। बैठक में उन्हें चेतावनी देते कहा गया था कि यदि अब यातायात नियमों का पालन नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी। ड्रायवर कंडेक्टरों को वर्दी पहनने कहा गया। साथ ही सब्जी विक्रेताओं को नया बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर दुकान लगाने मना किया गया था। बैठक के दो दिन बाद ही चालकों व दुकानदारों ने जो कुछ किया उससे स्पष्ट हो गया कि वे अपनी मनमानी करते रहेंगे।

रविवार को शहर में बाजार व ट्रैफिक का पूरा सिस्टम अपने ढर्रे पर चलता रहा। ट्रैफिक पुलिस की समझाइश के बावजूद शहर में आने वाली बसों व ऑटो चालकों ने न तो वर्दी पहनी और नहीं नेम प्लेट लगाई। ऑटो के पीछे चालक का नाम मोबाइल नंबर व अन्य जानकारी भी नहीं दिखी। और तो और टाइमिंग के चक्कर में बसें भी निर्धारित 20 किमी प्रतिघंटा से अधिक की स्पीड से शहर में आती जाती रही।

चेतावनी देने वाले यातायात पुलिस विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार की बैठक सिर्फ खानापूर्ति ही नजर आई। दूसरी ओर रविवार को साप्ताहिक बाजार पूर्व की तरह बस स्टैंड के मुहाने पर ही लगी जबकि अंदर पूरी जगह खाली पड़ी थी। बस स्टैंड के रास्ते में दुकान लगने से जाम की स्थिति तो निर्मित हो रही थी साथ ही हादसे की आशंका भी बढ़ गई थी।

Related Articles

Back to top button