अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषदुर्ग जिला

बारिश से शिवनाथ नदी का बढ़ा जलस्तर, बारिश के बाद खेती किसानी भी जोरों पर

30 जुलाई 2021 | दुर्ग । जिले में पिछले दिनों हुई निरंतर बारिश के बाद शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी में पानी का प्रवाह भी देखने को मिल रहा है। महमरा एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए एनीकट का गेट खोला गया है। बारिश के बाद खेती किसानी के काम में भी तेजी आई है।

जिले में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात से बारिश शुरू हुई है। हालाकि बारिश का सिलसिला गुरूवार दोपहर 12 बजे के बाद थम गया। लेकिन इस अवधि में निरंतर रिमझिम बारिश होती रही। बुधवार शाम को कहीं-कहीं मध्यम बारिश हुई थी। जिले में गुरूवार को औसत 21.1 मिमी बारिश हुई है। बारिश के बाद शिवनाथ नदी सहित जिले के नालों में पानी का प्रवाह देखने को मिल रहा है।

शिवनाथ नदी स्थित महमरा एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है। नगपुरा-कोटनी सहित अन्य छोटे स्टापडैंम में भी पुल के ऊपर से पानी बहने की खबर है। बारिश के बाद खेती किसानी के काम में भी तेजी आ गई है। पानी की कमी के चलते रोपा बियासी को लेकर परेशान किसानों को बड़ी राहत मिली है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिनों से जारी वर्षा के बाद जिले में रोपा लगाने की स्थिति में काफी सुधार आया है। करीब 80 फीसद किसानों ने रोपा लगाने का काम पूरा कर लिया है।

पिछले दिनों हुई निरंतर बारिश के बाद जिले में वर्षा की स्थिति में सुधार आया है। जिले में अब तक 495.2 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जो पिछले साल अब तक अवधि में हुई औसत वर्षा 461.9 मिमी की तुलना में अधिक है। दुर्ग ब्लाक में 536.8 मिमी,धमधा में 359.8 मिमी और पाटन ब्लाक में सर्वाधिक 589 मिमी बारिश हो चुकी है।

गुरूवार को जिले का अधिकतम तापमान 26.9 मिमी और न्यूनतम तापमान 21.2 मिमी रिकार्ड किया गया। दोनों तापमान सामान्य तापमान से क्रमशः पांच और तीन डिग्री सेल्सियस कम है। इधर मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश होने की चेतावनी दी है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भी आसमान पर बादल छाने के साथ ही कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

 

Related Articles

Back to top button