दिनदहाड़े जेठा में लूट:दुकान बंदकर बच्चे की गर्दन पर चाकू अड़ा कैश व जेवर लेकर भागे बदमाश

- रेनकोट लेने के बहाने कपड़ा दुकान में घुसे 3 लुटेरे
बाइक सवार तीन युवक कपड़ा दुकान पहुंचे। यहां रेनकोट की मांग की, इस दौरान सक्ती जाने का रास्ता पूछा फिर दुकान का शटर बंद कर एक युवक बाहर निकला दो युवक अंदर ही रहे और दुकानदार के नाबालिग बेटे की गर्दन पर चाकू अड़ा दी। दुकानदार ने युवकों की मंशा समझ ली और बच्चे को छोड़ने कहा। इसके बाद लुटेरों ने दुकान के गल्ले से कैश व आलमारी से सोने चांदी के जेवरात पार कर दिया।
बाराद्वार टीआई लखेश केंवट के अनुसार ग्राम जेठा में रेलवे स्टेशन के पास संजय राठौर की कपड़ा दुकान है। गुरुवार की शाम करीब 5 बजे बाइक में 3 लोग दुकान पहुंचे। बारिश हो रही थी। युवकों ने रेनकोट मांगा। तब दुकान में उसका बेटा था। इसके बाद सक्ती जाने के लिए रास्ता व दूरी पूछी। इसके बाद दुकान का शटर गिरा दिया। दो युवक दुकान के अंदर ही रही, एक युवक बाहर निगरानी करने लगा।
शटर गिराने के बाद संजय राठौर के बेटे की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। बेटे की गर्दन पर चाकू देखकर संजय राठौर डर गया। उसने चाकूबाज युवकों से कहा कि वे उसके बेटे को छोड़ दे और जो ले जाना चाहते हैं ले जाए। युवकों ने दुकान के गल्ला में रखे करीब 35 हजार व घर की आलमारी से सोने चांदी के जेवरात निकाले और फरार हो गए। जेवरात की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। लुटेरों के भागने के बाद संजय राठौर ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसडीओपी चांपा पद्मश्री तंवर, टीआई लखेश केंवट की टीम मौके पर पहुंची।
सीसी कैमरे नहीं दुकान में आज चेक करेंगे टावर डंप
दुकान में सीसी टीवी कैमरा भी नहीं लगा है। फिर भी पुलिस ने उन रास्तों में लगे सीसी टीवी के फुटेज खंगाले लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली। अब पुलिस साइबर सेल के माध्यम से टावर डंप चेक करेगी।
मास्क व ब्लैक टी शर्ट पहने थे, बाराद्वार की ओर भागे
एसडीओपी चांपा पद्मश्री तंवर ने बताया कि तीनों युवकों ने ब्लैक कलर की टी शर्ट पहनी थी। दुकान पहुंचे लुटेरों ने मास्क भी पहन रखा था। उन्होंने बताया कि लुटेरों के बाराद्वार की ओर भागने की आशंका है, सब तरफ सीसीटीवी फूटेज खंगाले गए है, लेकिन अभी सुराग नहीं मिल पाया है। नाकेबंदी कराई गई है, पड़ोसी जिला व थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया है।



