साफ्टवेयर में तकनीकी खराबी:3 महीने से पंजीयन नहीं, अगस्त में होगा आंदोलन

साफ्टवेयर में तकनीकी खराबी के कारण मजदूरों का पंजीयन नही हो पा रहा है। कुछ माह से लॉकडाउन की अवधि में श्रमिक योजनाएं भी बंद ही पड़ी हैं। योजनाओं का लाभ नहीं मिलने और पंजीयन बंद होने की शिकायत लेकर मजदूर संगठन पदाधिकारी श्रम विभाग कार्यालय शिकायत करने पहुंचे। श्रम विभाग के अफसरों का कहना है योजनाएं तो चालू है लेकिन योजनाओं के तहत मजदूरों को देने सामान ही नहीं आया है। यही कारण है मजदूरों को सामान नहीं दे पा रहे हैं। मजदूर संगठन के लोगों ने कहा पंजीयन शुरू नही हुआ और योजनाओं का लाभ मजदूरों को मिलना शुरू नहीं हुआ तो अगस्त महीने में वे आंदोलन करेंगे।
मजदूर संगठन की बैठक में मजदूरों ने कहा की सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। श्रम कार्यालय में पिछले तीने महीने पंजीयन भी नहीं हो रहा है। मजदूरों को साथ लेकर संगठन के लेग कलेक्टोरेट स्थित श्रम कार्यालय पहुंचे और श्रम निरीक्षक तोषण प्रसाद तिवारी से मुलाकात कर पंजीयन तथा योजनाओं के संबंध में जानकारी मांगी। कांकेर जिला में 64,440 पंजीकृत मजदूर हैं। इसमें भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मजदूर 35,926 और असंगठित कर्मकार मजदूर 28,514 हैं।
राजमिस्त्री, मजदूर, रेजा कुली एकता यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष देवचंद भास्कर ने कहा श्रमिकों के लिए चलाई जाने वाली दो ही योजना चालू है शेष योजनाएं बंद हो चुकी है। पंजीयन भी नही हो रहा है। इन मुद्दों को लेकर अगस्त माह में धरना प्रदर्शन करते रैली निकाली जाएगी।
योजना बंद नहीं हुई, सामान नहीं पहुंच रहा
श्रम निरीक्षक तोषण प्रसाद तिवारी ने कहा मजदूरों के लिए चलाई जा रही योजनाएं शासन स्तर से बंद नहीं हुई है। कुछ योजनाओं का सामान मजदूरों के लिए उपलब्ध नहीं होने से मजदूरों को वितरण नहीं किया जा रहा है। नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना स्कूल नहीं चलने के कारण अभी बंद है। पहले कई बार मजदूरों को सरकारी योजनाओं के तहत सामानों का वितरण किया है।



