11 नक्सलियों ने किया सरेंडर:3 महिला नक्सली भी शामिल, इनमें 1 लाख रुपए की 1 इनामी; शहीदी सप्ताह के पहले दिन लोन वर्राटू अभियान में हुई वापसी

नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के पहले दिन बुधवार को दंतेवाड़ा में लोन वर्राटू अभियान के तहत 3 महिलाओं सहित 11 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। इनमें से एक महिला नक्सली के ऊपर 1 लाख रुपए का इनाम भी घोषित है। एक साथ इतनी संख्या में नक्सलियों के सरेंडर करने को दंतेवाड़ा SP डॉ अभिषेक पल्लव अपनी बड़ी कामयाबी मान रहे हैं।
दंतेवाड़ा पुलिस के सामने हथियार डालने वाले सभी नक्सली मलांगिर एरिया कमेटी में पिछले कई सालों से सक्रिय थे। इनमें KAMS अध्यक्ष रामबती के ऊपर 1 लाख रुपए रुपए का इनाम घोषित है। जबकि बाकी पुरुष नक्सली जनमिलिशिया सदस्य हैं। नक्सली सन्नू कड़ती चोलनार IED ब्लास्ट की घटना में शामिल था। इस घटना में 5 जवान शहीद हुए थे। वहीं अन्य नक्सली हत्या, लूट, आगजनी, सड़क काटना, बैनर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
लोन वर्राटू अभियान के तहत 397 नक्सली कर चुके हैं सरेंडर
दंतेवाड़ा पुलिस के द्वारा सालभर पहले लोन वर्राटू यानी घर वापस आइए अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान के तहत जवानों ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में उन्हीं इलाके में सक्रिय माओवादियों की सूची को चस्पा कर सरेंडर करने की अपील की थी। इसी का फायदा दंतेवाड़ा पुलिस को मिला और इस अभियान से प्रभावित होकर अब तक 103 इनामी सहित कुल 397 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं। 1 साल में 100 से ज्यादा इनामी नक्सलियों का सरेंडर करवाने वाला दंतेवाड़ा देश का पहला जिला भी बन गया है।
इन नक्सलियों की हुई घर वापसी
- KAMS अध्यक्ष – रामबती बारसे (25), 1 लाख रुपए का इनाम घोषित
- KAMS सदस्य – पायके मिडियामी (30) KAMS सदस्य
- KAMS सदस्य – बुधरी मिडियामी (32)
- जनमिलिशिया सदस्य – आयतू मिडियामी (35)
- भूमकाल मिलिशिया सदस्य – चैतू मंडावी (35)
- जनमिलिशिया सदस्य- मासा उर्फ देवा मुड़ामी (35)
- जनमिलिशिया सदस्य – सुकराम मिडियामी (21)
- जनमिलिशिया सदस्य – हूंगा मुरारी (31)
- जनमिलिशिया सदस्य- मंगू मंडावी (31)
- जनमिलिशिया सदस्य – राम लाल हेमला (35)
- जनमिलिशिया सदस्य- सन्नू कड़ती(32)



