बैठक में तैयारी पर चर्चा:स्कूलों में स्टूडेंट्स को गर्म मध्याह्न भोजन भी मिलेगा

- जिपं सीईओ ने तैयारी करने के दिए निर्देश, 2 अगस्त से स्कूलों में कक्षाएं होंगी संचालित
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने स्कूल शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूल खोलने के पूर्व आवश्यक तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि शासन के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों एवं कोविड-प्रोटोकॉल के निर्देशों के अनुसार 2 अगस्त से स्कूलों को खोलने की अनुमति दी जाए। बैठक में डीईओ ने बताया कि शाला खुलने के बाद मध्याह्न भोजन भी दिया जाना है, इस दौरान रसोईघर की साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री का ध्यान रखा जाए।
जिपं सीईओ ने कहा कि स्कूलों में कक्षाएं प्रारंभ करने की शर्तों के अनुसार सभी निजी एवं शासकीय विद्यालयों में 10वीं एवं 12वीं की कक्षाएं आगामी सोमवार 2 अगस्त से प्रारंभ की जाएं। उन्होंने जिले के सभी निजी एवं शासकीय विद्यालयों में कक्षा एक से 5वीं और कक्षा 8वीं की कक्षाएं प्रारंभ करने के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संबंधित ग्राम पंचायत और स्कूल की पालक समिति की अनुशंसा प्राप्त करने के निर्देश दिए है। उन्होंने शहरी क्षेत्रों के लिए संबंधित वार्ड पार्षद एवं स्कूल की पालक समिति की अनुशंसा प्राप्त करने कहा है।
बैठक में पॉजिटिविटी दर का रखेंगे ध्यान
जिपं सीईओ को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना की पॉजिटिविटी दर जिले में पिछले 7 दिनों तक 1 प्रतिशत से कम रही है, इसलिए शालाएं प्रारंभ की जा सकती हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को ऑफलाइन कक्षाओं में एक दिवस के अंतराल पर बुलाया जाने यानी की प्रतिदिन केवल आधी संख्या में ही विद्यार्थियों को बुलाये जाने के निर्देश दिए।
सर्दी, खांसी होने पर विद्यार्थी नहीं बैठेगा कक्षा में
किसी भी विद्यार्थी को यदि सर्दी, खांसी, बुखार आदि होगा तो उसे कक्षा में नहीं बैठाया जाएगा। उन्होंने कक्षा में शामिल होने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का तापमान जांच करने और इसे पंजी में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ऑनलाइन कक्षाएं यथावत संचालित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी विद्यार्थी के लिए उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी।



