बच्चों पर संक्रमण का खतरा:2 अगस्त से खुलने है स्कूल, वैक्सीनेशन और क्लासेस चलेंगी साथ साथ, अधिकतर स्कूल अबतक नहीं हुए सैनिटाइज

बिलासपुर सहित प्रदेश में दो अगस्त से सरकारी और निजी स्कूल खुल जायेंगे ऐसे में वे स्कूल जिसे वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है, वहां टीकाकरण के साथ क्लासेस भी लगेंगी। इनमें देवकीनंदन कन्या स्कूल, लाला लाजपत राय स्कूल के साथ साथ, बालमुकुंद स्कूल और ग्रामीण क्षेत्र के अधिकांश स्कूलों में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। ऐसे में वैक्सीन के साथ कक्षाएं लगाने से बच्चों में संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

वैक्सीनेशन की रफ्तार तेज करने स्कूलों को बनाया गया वैक्सीन सेंटर
दो अगस्त से सभी प्राइमरी स्कूलों में पहली से पांचवीं तक की सभी क्लास लगेंगी। इसके अलावा मिडिल स्कूल में केवल आठवीं की कक्षाएं ही लगेगी। वही हाईस्कूल में दसवीं क्लास और हायर सेकेंडरी स्कूल में केवल बारहवीं की क्लास लगाई जाएंगी। ग्रामीण इलाकों में प्राइमरी निजी व सरकारी स्कूल खोलने का पूरा अधिकार पंचायतों को दे दिया गया है। वहीं आठवीं कक्षा पंचायतों की अनुशंसा पर ही प्रारंभ होगी । इसमें पालक समिति की भूमिका भी होगी। शहरी इलाकों में स्कूल के क्षेत्र के पार्षद और स्कूल की पैरेंट्स कमेटी की सिफारिश जरूरी होगी। दरअसल वैक्सीनेशन तेज करने के लिए जिले के कई स्कूलों में इसके लिए सेंटर बना दिए गए हैं। शहर के लोग दूसरे वैक्सीनेशन सेंटर्स की तरह इन स्कूलों में भी वैक्सीन लगवाने जाते हैं। लेकिन स्कूल खुलने पर बच्चों की पढ़ाई के साथ साथ वैक्सीनेशन कैसे चलेगा इसको लेकर फिलहाल असमंजस की स्तिथि बनी हुई हैं।
साथ साथ चलेंगी वैक्सीनेशन और क्लासेस
जिला शिक्षा अधिकारी एस.के प्रसाद ने भी साफ किया है कि स्कूलों में कक्षाएं और वैक्सीनेशन सेंटर दोनों साथ चलेंगे। दोनों के लिए अलग प्रवेश द्वारा होगा। कक्षाएं पूरी तरह सेनेटाइज कराई जाएंगी और बच्चों और शिक्षकों को सोशल डिस्टेंस के साथ मास्क जरूरी किया गया है।
गाइडलाइन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को बुलाई स्कूलों की बैठक
देवकीनंदन स्कूल के प्रिंसिपल सचिन शर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को स्कूलों की बैठक बुलाई है। इसमें 2 तारीख से स्कूल खोलने को लेकर चर्चा की जाएगी। वहीं स्कूल के साथ साथ वैक्सीनेशन को लेकर भी गाइडलाइन जारी की जाएगी।




