जांजगीर-चाम्पा जिला

लापरवाही भारी पड़ेगी:हाइवे व पीडब्ल्यूडी की सड़कें बदहाल गड्‌ढे में फंसकर गिर रहे वाहन चालक

  • अफसरों ने रोड की मरम्मत पर नहीं दिया ध्यान अब भुगत रहे लोग

एनएच से लेकर पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर गड्‌ढे ही गड्‌ढे है। इनकी वजह से सड़कों पर लोगों को चलना मुश्किल हो गया है। सूखे मौसम में धूल के गुबार तो बारिश के बाद गड्ढों में जमा होने वाली पानी से बाइक व कार सवार दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। बीते एक सप्ताह में खराब सड़कों और बारिश के बाद कीचड़ की वजह से अलग-अलग क्षेत्रों में दर्जनों को लोग फिसल कर गिर चुके हैं, जिसकी वजह से हाथ, पैर, सिर में चोटें आई है।

नगर के भीतर की सड़कों पर चलने वालों की मुसीबतें भी कम नहीं है। नगर के भीतर कुछेक सड़कों को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश खराब है। जांजगीर नगर के बीच से गुजरने वाली विवेकानंद मार्ग, अकलतरा मार्ग, कलेक्टोरेट मोड़ से लेकर खोखसा रेलवे क्रासिंग तक की सड़क पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। सड़क मौजूद 2 से 6 फीट तक चौड़े के गड्‌ढों में लोग हादसों का शिकार बन रहे हैं। इसी तरह चांपा नगरवासी भी खराब सड़कों से परेशान है।

यहां तो लोगों के आंदोलन और विरोध के बाद भी जिम्मेदार विभागों ने रेलवे परिक्षेत्र की सड़क दुरूस्त नहीं कराई। नगरवासी फिर से आंदोलन न करें इसलिए नगरीय निकाय के अफसर फंड का अभाव बताकर किसी तरह लोगों को शांत करा रहे हैं। दोनों पालिकाओं में वर्तमान अध्यक्ष और जनप्रतिनिधि भी लोगों की सड़क परिवहन संबंधी समस्याओं को भी गंभीर नहीं दिख रहे हैं।

चांपा स्टेशन मार्ग पर रोजाना हो रहे हादसे
नगर के जगदल्ला नगर निवासी अमर साहू 24 जुलाई को परिवार के साथ कमरीद से बाइक पर चांपा अपने घर आ रहे थे। स्टेशन मार्ग पर बारिश के कारण गड्‌ढों का अंदाजा नहीं होने के कारण बाइक फिसल कर गिर गई। इस हादसे में उन्हें और उनकी धर्मपत्नी को हाथ पैर में चोटें आई है। उनके गाड़ी को भी नुकसान हुआ है।

विवेकानंद मार्ग में फंसी कार
जांजगीर के भीतर विकेकानंद मार्ग पर एसबीआई बैंक के सामने गड्ढे और कीचड़ की वजह से सड़क चलना मुश्किल है। इस सड़क पर शनिवार देर शाम सफेद कलर की आर्टिगा कार क्रमांक सीजी 12 एआर 7723 गड्ढे में फंस गई थी। घटना में कार को नुकसान पहुंचा, साथ ही उसे निकालने में मशक्कत लोगों को करनी पड़ी।

चांपा की रोड गड्‌ढों में खो गई।
चांपा की रोड गड्‌ढों में खो गई।

मेडिकल ऑफिसर हुए चोटिल
सक्ती के मेडिकल ऑफिसर (शिशुरोग विशेषज्ञ) डॉक्टर आरके राज 22 जुलाई को बाराद्वार जैजैपुर मार्ग से होकर अपने गृहग्राम डेरागढ़ जा रहे थे। तभी जैजैपुर चौक के आगे पेट्रोल पंप के नजदीक गड्‌ढों की बिखरी गिटि्टयों से फिसलकर सड़क हादसे के शिकार हो गए। उनके हाथ पैर में चोटें आई है।

इन सड़कों पर गड्‌ढों की वजह से हो रहे छोटे-बड़े हादसे

  • जांजगीर- नगर में विवेकानंद मार्ग, कलेक्टोरेट मोड़ से खोखसा ब्रिज, कुलीपोटा चांपा मार्ग, अकलतरा मार्ग, बनारी रोड।
  • चांपा नगर- गेमन पुल से बैरियर चौक तक, पीडब्ल्यूडी आफिस से बिर्रा क्रासिंग, लझनपुर से चौक, बैरियर से पीआईएल बाइपास।
  • बाराद्वार- बाराद्वार से जैजैपुर मार्ग, बाराद्वार से सक्ती के बीच, बाराद्वार नगरदा, सरहर कड़ारी होते हुए चांपा, दर्राभांठा से मुरलीडीह मार्ग।
  • शिवरीनारायण- शबरी पुल मोड़ व ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें
  • अकलतरा- अकलतरा-पकरिया मार्ग, आजाद से अंबेडकर चौक, खोड़ मार्ग पर।
  • बलौदा-हरदी बाजार से बलौदा, गुड़गहन हरदी बाजार चौक में गड्‌ढें, घासीदास चौक से हाट बाजार के बीच का हिस्सा ।
  • चंद्रपुर-एनएच 158, चंद्रपुर से डभरा, चंदली से रायगढ़, डभरा से खरसिया, पुराना आरटीओ पाइंट पेट्रोल पंप, मांड नदी के नीचली सड़क गड्‌ढें।
  • सक्ती मालखरौदा- डोड़की से जाजंग, सक्ती से टेमर, पुराना नेशनल हाइवे कचहरी से नंदेली।

एक्सपर्ट बोले- पहले करानी चाहिए मरम्मत
बारिश के दिनों में इस तरह की समस्याएं नई नहीं है। ऐसी दिक्कतों से लोग सालों से जूझते आ रहे हैं। इसके लिए एक मात्र उपाय बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत है, जो कि जिम्मेदार विभाग के अफसरों द्वारा नहीं कराई जाती है। यदि बारिश से पहले ही यह काम करा लिए जाए तो लोगों को तकलीफों का सामना ही नहीं करना पड़ेगा।
-जयकिशोर दास ,रिटायर्ड गर्वमेंट इंजीनियर

Related Articles

Back to top button