शिक्षा विभाग ने जारी किया गाइडलाइन: 2 अगस्त से खुलेंगे स्कूल-कॉलेज,50 फ़ीसदी बच्चों के साथ लगेंगी कक्षाएं ….

27 july 2021 | छत्तीसगढ़ में 2 अगस्त से स्कूल और कॉलेज खुलेंगे | शिक्षा विभाग ने इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दिए है | प्रदेश के स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं कक्षाएं 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित होगी, वहीं प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल खोलने का का फैसला स्कूल समिति करेगी | विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहली से 5वी व 8वीं की कक्षाएं प्रारंभ करने के संबंध में ग्राम पंचायत और स्कूल की पालक समिति अनुशंसा करेगी | इसी तरह शहरी क्षेत्रों में वार्ड पार्षद और स्कूल की पालक समिति खोलने का निर्णय लेंगे |
अनुशंसा मिलने के बाद पहली से 5वी व 8वीं की कक्षा 2 अगस्त से शुरू होगी, जिन जिलों में कोरोना की पॉजिटिविटी दर 7 दिनों तक एक प्रतिशत से कम होगी, वहां स्कूल प्रारंभ की जाएगी | 50 फ़ीसदी बच्चों के साथ कक्षाएं लगेंगी | विद्यार्थी को सर्दी, खांसी, बुखार होने पर कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी, इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं भी यथावत संचालित होगी | विद्यार्थियों के लिए उपस्थिति अनिवार्य नहीं की गई है | कैबिनेट में निर्णय के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने ये दिशा निर्देश जारी किए हैं |
वहीं प्रदेश में 2 अगस्त से महाविद्यालयों में भी पढ़ाई शुरू होगी | यहां ऑफलाइन कक्षाएं प्रारंभ करने, उच्च शिक्षा विभाग ने गाइडलाइन जारी की है| प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य शुरू होगा | पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाएं 2 अगस्त से और अंडर ग्रेजुएट कक्षाएं 15 अगस्त के बाद चरणबद्ध तरीके से प्रारंभ होगी |



