विवादित बयान:पुरंदेश्वरी को फूलन देवी कहने पर मंत्री के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा

भाजपा की छग प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के खिलाफ दिए विवादित बयान को लेकर आबकारी मंत्री कवासी लखमा घिरते हुए दिख रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने आबकारी मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा छग प्रभारी को फूलन देवी कहकर संबोधित करने और महिलाओं का अपमान करने के खिलाफ रविवार को भाजपा महिला मोर्चा ने प्रेसवार्ता की।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री व जिपं सभापति भावना बोहरा ने कहा कि छग में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से महिलाओं के प्रति राज्य सरकार की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है। राज्य सरकार में आबकारी व उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री दग्गुबती पुरंदेश्वरी को फूलन देवी कहकर संबोधित किया, जो कांग्रेस सरकार की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। एक मंत्री को मीडिया के सामने एक महिला नेता के खिलाफ ऐसे शब्दों का प्रयोग करना शोभा नहीं देता। यह अत्यंत ही निंदनीय है।
उन्होंने न केवल पुरंदेश्वरी बल्कि उन सभी महिलाओं के स्वाभिमान को ठेंस पहुंचाई है। जिले में आये दिन महिलाओं के साथ अत्याचार, हिंसा, मारपीट, प्रताड़ना व अनाचार जैसी बड़ी घटनाएं रोजाना देखने व सुनने में आ रही है। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा के प्रति मुस्तैद दिखाई नहीं दे रही है। महिलाओं का उपहास करना कांग्रेस की परंपरा- मधु: महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधु तिवारी ने कहा कि महिलाओं का उपहास करना कांग्रेस की परंपरा रही है। जहां एक ओर भाजपा सरकार महिलाओं की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा करते हुए उन्हें केंद्र में मंत्री व प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी रहे हैं वहीं कांग्रेस के नेता महिलाओं को अपमानित कर रहे हैं। एक महिला के खिलाफ राज्य के मंत्री पद पर आसीन नेता को इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है, इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। प्रेसवार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवकुमारी चंद्रवंशी, जिला महामंत्री सतविंदर पाहुजा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सविता ठाकुर, रणवीरपुर सरपंच दुर्गा वैष्णव, मीना पटेल उपस्थित रहीं।



