चोलनार ब्लास्ट में भी शामिल थे:चार नक्सलियों ने किया सरेंडर अब वैक्सीन लगवाएगी पुलिस, सभी हैं जनमिलिशिया सदस्य

किरंदुल पुलिस के सामने शनिवार को 4 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। ये चोलनार ब्लास्ट सहित कई सारी घटनाओं में शामिल रहे हैं। सरेंडर नक्सलियों में मड़कामीरास का रहने वाला नक्सलियों का जनमिलिशिया सदस्य मोटू मड़काम, भीमा मड़काम, हिरोली की ललिता तामो, कुटरेम का बामन राम कुंजाम शामिल हैं। इन नक्सलियों पर दंतेवाड़ा एसपी द्वारा 10-10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
दरअसल, इन सभी नक्सलियों की सूची इनके गांवों में पुलिस द्वारा चस्पा कर सरेंडर की अपील की गई थी। सरेंडर के वक्त नक्सलियों ने पुलिस को बताया कि सूची में नाम देखने के बाद हमने सरेंडर का मन बनाया। नक्सलियों की विचारधारा व प्रताड़ना से भी तंग आना बताया। सरेंडर के वक्त एसडीओपी देवांश सिंह राठौर, किरंदुल टीआई डीके बरुआ मौजूद थे। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि इन सरेंडर नक्सलियों का सबसे पहले वैक्सीनेशन करवाया जाएगा। वैक्सीनेशन सेंटर से संपर्क कर उन्हें भेजा जाएगा। ये सरेंडर नक्सली कई वारदातों में शामिल रहे हैं। लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर अब तक 386 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं।



