टोक्यो ओलिंपिक के लिए छत्तीसगढ़ी गाना:भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए गाया, दो दिनों में तैयार किया गीत, कलाकारों ने कहा-देश के खिलाड़ियों को संदेश दिया है कि हम उनसे कितना प्यार करते हैं

राजनांदगांव जिले के युवाओं ने टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ी में प्रेरक गीत तैयार किया है। सोशल मीडिया पर यह गाना खूब वायरल हो रहा हैं। लोग इसे पसंद भी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ी गीत ‘भारत भुइयां के लइका’ गीत को दो दिन में ही रिकार्ड किया गया है।
छत्तीसगढ़ी गीत को दो युवा कलाकारों ने किया तैयार
छत्तीसगढ़ी गीत गाने वाले ओ.पी देवांगन और कार्त्तिक यादव ने ओलिंपिक खेल में भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ी गीत लिखा व खुद गाया भी है। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते 2020 में ओलिंपिक खेल नहीं हुआ था। अब टोक्यो में हो रहा है। इसमें बड़ी संख्या में भारतीय खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए खुद गाना लिखा है, और गाया है। बताया जा रहा है कि दोनों कलाकार छत्तीसगढ़ी में काफी दिनों से गाना लिखते और गाते आ रहे हैं।
इस गीत को बनाने वाले ओपी देवांगन ने बताया कि ओलिंपिक खेल को लेकर उनका छत्तीसगढ़ी गीत भारत भुइया के लउका गीत के तर्ज पर लिखा गया है, और दो दिन में गाने की रिकार्डिंग पूरी कर ली गई है।
तो वहीं कार्तिक यादव बताते है कि कोरोना काल में ठप खेल आयोजनों के बाद ओलिंपिक से सबको काफी उम्मीदें हैं। इसमें देश के कई होनहार युवा खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया है। गीत के माध्यम से भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ यह भी बताने का प्रयास किया गया है कि छत्तीसगढ़ी भाषा भी समृद्ध है। हमने देश के खिलाड़ियों को संदेश दिया है कि हम उनसे कितना प्यार करते हैं।
मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में भारत को पहला पदक दिलाया
भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में पदक जीतने के बाद अपनी ख़ुशी का इजहार करते हुए सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। चानू ने कुल 202 किलोग्राम भार उठाकर भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। मीराबाई ने अपनी जीत के बाद कहा है। मेरे लिए यह एक सपने का सच होने की तरह है। मैं इस पदक को अपने मुल्क को समर्पित करती हूं। करोड़ों भारतीयों ने मेरे लिए दुआएं मांगीं और मेरे इस सफ़र में साथ रहे, इसके लिए मैं शुक्रगुज़ार हूं।



