रायपुर जिला

दो घंटे किया मंथन:बस्तर की बारह सीटों पर दबदबा बनाए रखने अभी से जुटेगी कांग्रेस

  • प्रभारी पुनिया, सीएम, मरकाम व सांसद बैज ने दो घंटे किया मंथन

कांग्रेस भी मिशन 2023 की तैयारियों में जुट गई है। बस्तर की 12 सीटों पर पार्टी की पकड़ बनाने रखने को लेकर सीएम हाउस में देर शाम रणनीति बनी। बस्तर सांसद दीपक बैज की मौजूदगी में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने सीएम भूपेश बघेल व अन्य आला नेताओं की मौजूदगी में आदिवासी इलाकों में पार्टी की बढ़त बरकरार रखने पर चर्चा हुई।

बैठक में पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, कोषाध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन भी मौजूद रहे। बता दें कि शनिवार को प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया अपने दोनों सहयोगी सचिवों सप्तगिरी उल्का और चंदन यादव के साथ रायपुर पहुंचे। रायपुर आने के बाद पुनिया सीधे सीएम हाउस गए। वहां लगभग तीन घंटे तक सीएम भूपेश बघेल व अन्य नेताओं के साथ उन्होंने चर्चा की। सीएम हाउस में इन नेताओं ने डिनर भी किया।

कांग्रेस की सरकार में प्रदेश के किसान खुश हैं: पुनिया
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने खाद-बीज की किल्लत के आरोप पर कहा कि भाजपा को अपना 15 साल का शासन देखना चाहिए। छत्तीसगढ़ सरकार में किसान खुश हैं। शनिवार शाम रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए पीएल पुनिया ने कहा कि निगम-मंडल की लगभग सभी सूची जारी हो गई है, बाकी भी आ जाएगी। पेगासस जासूसी मामले पर पुनिया ने कहा कि हमारी पार्टी ने जांच की मांग की है। केंद्र सरकार की भूमिका संदेह के दायरे में है। जासूसी किसने करवाई, क्यों करवाई गई, जो आरोप लगे हैं उस पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति
विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की अभी से तैयारी शुरू हो गई है। अगले दो दिनों में प्रदेश प्रभारी व दोनो प्रभारी सचिव संगठन के पदाधिकारियों समेत मोर्चा प्रकोष्ठों के साथ 6 बैठकें करने वाले हैं। इसमें 2013 चुनाव का ब्लू प्रिंट तैयार किया जाएगा। बता दें कि बूथों को मजबूत करने और बूथों के फिर से गठन के लिए पार्टी ने पहले ही प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। 90 विधानसभाओं के लिए पार्टी ने 40 प्रभारियों की नियुक्ति की है।

निगम- मंडल की और सूची आने के संकेत, नाराज नेता भी मिले
पुनिया ने निगम- मंडल की सूची आने के संकेत दिए। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि निगम- मंडल की लगभग सभी सूची जारी हो गई है, बाकी भी जल्द आ जाएगी। हालांकि, निगम- मंडल में जिन वरिष्ठ नेताओं को पद नहीं मिला। उन्होंने पुनिया से मिलकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। दूसरी तरफ, पेगासस जासूसी मामले पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने जांच की मांग की है। केंद्र सरकार की भूमिका संदेह के दायरे में है। जासूसी किसने करवाई, क्यों करवाई गई। इसमें जो आरोप लगे हैं उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

प्रदेश कार्यकारिणी व जिलाध्यक्ष के साथ आज मैराथन बैठक
दो दिन के दौरे में पुनिया रविवार को दोपहर 12 बजे प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद 3 बजे से निगम-मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष और सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। सोमवार को 11 बजे से पार्टी के अजा और जजा विभाग के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। बता दें कि राज्य में सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए टीम बनानी है। पीसीसी से लेकर जिलों और ब्लॉकों में संगठन के रिक्त पदों पर भी नियुक्ति की जानी है। पुनिया की बैठक में इन सभी बातों पर चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button