बिलासपुर में आज बंद रहेगा टीकाकरण:शुक्रवार को मिले 2 हजार डोज हुए खत्म, अब रविवार को आएगी नई खेप; फिर सोमवार को शुरू होगा

बिलासपुर में रविवार को कोरोना वैक्सीनेशन का काम बंद रहेगा। कारण है शुक्रवार को मिले 2 हजार कोवैक्सीन के डोज अब खत्म हो गए हैं। लगातार टीके की कमी से जूझ रहे बिलासपुर में फिर से वही हालात बनते नजर आ रहे हैं। CMHO प्रमोद महाजन की माने तो अब यहां सोमवार से ही वैक्सीनेशन शुरू होगा।
दरअसल, बिलासपुर को शुक्रवार के दिन महज 2 हजार कोवैक्सीन के डोज मिले थे। जिसमें से 10% यानी 200 वैक्सीन फर्स्ट डोज लगवाने वालों के लिए रिजर्व रखा गया था। हालांकि शनिवार को रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते गिने चुने लोग ही सेंटरों में वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे। इसके बावजूद 2 हजार डोज दोपहर 3 बजे तक खत्म हो गईं।

कोविशिल्ड की नई खेप आएगी
इधर, CMHO प्रमोद महाजन का कहना है कि अब रविवार रात को ही कोविशिल्ड वैक्सीन की नई खेप बिलासपुर पहुंचेगी। जिसके बाद सोमवार को शहर के अलग-अलग वैक्सीन सेंटरों पर एक बार फिर वैक्सीनेशन का काम शुरू कर दिया जाएगा। बिलासपुर में यह पहला ऐसा मौका नहीं है, जब वैक्सीनेशन का काम प्रभावित हो रहा है। इसके पहले कई दफे यही स्थिति बिलासपुर जिले में बन चुकी है।
6.6 लाख लोगों को ही लग सका टीका
जिले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 13.3 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है । जिसमें से अभी तक पहला और दूसरा डोज मिलाकर करीब 30.50 फ़ीसदी मतलब 6.6 लाख लोगों को ही टीका लग सका है। इनमें 18 + और 45 से अधिक वर्ष के कुल 5.5 लाख लोगों को ही कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगा है। जबकि दूसरा डोज करीब 1.6 लाख लोगों को ही लगा है।



