दुष्कर्म का मामला:फोन से की दोस्ती फिर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म के आरोपी युवक को डभरा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी युवक ने पहले फोन में दोस्ती की और मित्रता बढ़ गई तो युवती को बुलाया और उससे प्रेम का इजहार कर शादी करने का वादा किया और दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि युवक ने उसके साथ कई बार अनाचार किया है।
एसडीओपी बीएस खूंटिया के अनुसार एक युवती ने डभरा थाना में दो दिन पहले शिकायत की थी कि वह 2018 में अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए बस से सक्ती तक आई थी। उसे सरायपाली जाना था। साधन नहीं मिलने पर वह नितेश भारद्वाज के साथ लिफ्ट लेकर गई थी। इसी दौरान युवक नितेश ने युवती का मोबाइल नंबर लिया और दोनों आपस में बात करने लगे। पंद्रह माह पूर्व अप्रैल 2020 में नितेश भारद्वाज ने उसे फोन कर सक्ती बुलाया।
उसे अपने साथ बाइक में सराईपाली ले जाते समय रास्ते में ग्राम ओडेकेरा तालाब के पास दोनों रूके। यहां पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा, जिसे युवती ने नकार दिया तो उसके साथ जबरदस्ती की गई। उसके बाद युवक शारीरिक संबध बनाता रहा। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने नितेश भारद्वाज के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। पुलिस ने गाड़ा बोरदी थाना खरसिया जिला रायगढ निवासी आरोपी युवक नितेश भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



