राहत की बारिश:दो दिन की रिमझिम बारिश से सीजन का 50% कोटा पूरा

- 2 सप्ताह बाद फिर से सक्रिय हुआ मानसून
- अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा, शाम को हो गया ठंडा
आषाढ़ के अंतिम दिनों में मानसून फिर मेहरबान हो गया है। 2 सप्ताह बाद शुक्रवार को शहर में दिन में बारिश हुई। 2 दिनों से रात में बारिश हो रही थी। रविवार को सावन शुरू हो रहा है। इसके बाद अच्छी बारिश की संभावना है। जिले में सामान्य बारिश 1303.3 मिलीमीटर होती है। जून से अब तक 640.9 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। जो सीजन की बारिश का 50 प्रतिशत है। 24 घंटे में 16.5 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। आषाढ़ शुरू होने के बाद बारिश थम सी गई थी।
जिले के कई स्थानों पर खंड बारिश हो रही थी। इस बीच अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया था। इसकी वजह से गर्मी से अभी राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर रहा, लेकिन शाम को बारिश होने के बाद मौसम ठंडा हो गया। हालांकि, सावन की शुरुआत भी तेज धूप व बदली के साथ होगी। इसके बाद ही अच्छी बारिश का अनुमान है।
खेती में आई तेजी, अब तक 60 प्रतिशत से अधिक बोआई
बारिश होने से अब खेती के काम में तेजी आई है। किसान बियासी करने के साथ ही रोपा भी लगा रहे हैं। खरीफ फसल का रकबा 131300 हेक्टेयर है। जिसमें 79788 हेक्टेयर में बोआई हो चुकी है। जो कुल रकबा का 60. 77 प्रतिशत है।


