मौसम का मिजाज:एक दिन बरसे फिर हवा हुए बादल, पुसौर में सबसे अधिक, लैलूंगा में कम है बारिश

गुरुवार को मौसम फिर बदल गया। दिनभर तेजधूप के बाद शाम को हल्के बादल छाए लेकिन बारिश नहीं हुई। बुधवार शाम से देर रात तक बारिश हुई, मौसम विभाग ने मानसूनी सिस्टम के सक्रिय होने और गुरुवार को भी वर्षा का अनुमान लगाया था लेकिन बादल हवा हो गए।
बुधवार को हुई बारिश से किसानों को थोड़ी राहत मिली है। सूख रहे खेत और धान के पौधों को पानी मिला। ग्रामीण इलाकों में खेतों में हलचल दिखी। वर्षा के आंकडों पर गौर करें तो 1 जून से जिले में अब तक 349.1 मिमी बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में ही 13.7 मिमी बारिश हुई है।
जिले में सबसे अधिक बारिश पुसौर ब्लाक में 466.6 मिमी दर्ज की गई है। इसके बाद सारंगढ़ और रायगढ़ में भी औसत वर्षा जितनी ही बारिश हुई है। सबसे कम बारिश लैलूंगा और बरमकेला में 285 मिमी के आसपास रही है। दिलचस्प बात यह है कि सारंगढ़ और पुसौर ब्लाक में सबसे अधिक बारिश हुई है और इनके बीच स्थित बरमकेला ब्लाक में मौसम रूठा है।



