मानवता को झकझोर देने वाली घटना:बालिका से अपनों ने की दरिदंगी, पहले बड़े पिता ने किया दुष्कर्म, सात महीने बाद पिता ने बनाया हवस का शिकार

शहर के गंगापुर इलाके में एक 12 साल की बालिका के साथ मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। सात महीने पहले अकेली पाकर बड़े पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मां को पता चला तो उसने जेठ को मारा भी, लेकिन बदनामी की डर से किसी ने रिपोर्ट नहीं की। बाद में बड़े पिता अलग भी रहने लगे, लेकिन वह रिपोर्ट नहीं करने की धमकी देता रहा। बालिका के साथ अत्याचार यहीं तक नहीं हुआ। सात महीने बाद उसके पिता की नीयत उसपर खराब हो गई। उसने रविवार की शाम को बेटी को पंप हाउस में जाने कहा और पीछे से खुद पहुंच गया।
यहां उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना से बालिका टूट गई थी। मामला तब खुला जब घर में रो रही बेटी से मां ने पूछा। बेटी के मुंह से पिता की हैवानियत की बात सुनकर मां हैरान हो गई। वह हिम्मत जुटाकर अपने मायके गई और पूरी जानकारी दी। इसके बाद मामला खुला। मायके वालों के साथ दूसरे दिन उसने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट की। पुलिस ने बताया कि मामले में बालिका के बड़े पिता विशम्भर चौहान 38 वर्ष व सगे पिता संजय चौहान 36 वर्ष के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नवंबर 2020 में बड़े पिता ने किया था दुष्कर्म
पुलिस ने बताया कि पहले दोनों आरोपी का परिवार एक साथ ही रहता था। नवंबर 2020 में बालिका घर में थी। उसके पिता व मां किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान बड़े पिता विशम्भर ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब माता-पिता लौटे तो बालिका ने इसकी जानकारी दी। मां ने गुस्से में विशम्भर को थप्पड़ भी मारा। परिवार ने लोकलाज के डर से रिपोर्ट नहीं की। बाद में विशम्भर अकेले रहने लगा और रिपोर्ट नहीं करने की धमकी देने लगा।
पंप बंद कराने के बहाने पिता कमरे में ले गया
पुलिस ने बताया कि संजय ने दो शादी की है। बालिका दूसरी पत्नी की बेटी है। जब नवंबर में बड़े भाई ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया था, तब उसने भी बाद में रिपोर्ट करने से मना कर दिया था। इसके बाद से उसकी नीयत भी अपनी बेटी को लेकर खराब रहनी लगी थी। रविवार की शाम को उसने बेटी को पंप बंद करने के लिए कमरे में भेजा। पंप वाला कमरा घर से अलग है। फिर पीछे से वह खुद आ गया। यहां उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया।



