दो क्षेत्रों को किया कंटेनमेंट ज़ोन घोषित, निगम आयुक्त और एसडीएम पहुंचे क्षेत्र का जायजा लेने

20 जुलाई 2021| दुर्ग शहर के वार्ड 34 सिद्धार्थ नगर में कोरोना पॉजिटिव के केस मिलने पर जिला कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के आदेश पर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने डिबरापारा की दो गली और सिद्धार्थ नगर की एक गली को कन्टेनमेंट जोन घोषित किया है। आयुक्त हरेश मंडावी और एसडीएम विनय पोयाम ने आज डिबरा पारा और सिद्धार्थ नगर में कन्टेनमेंट जोन का जायजा लिया। आसपास के सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे कन्टेनमेंट जोन से बाहर न निकलें।
क्षेत्र के आसपास की किराना दुकानों, शासकीय उचित मूल्य दुकान और क्लिनिक को बंद करा दिया गया है। इस दौरान नगर निगम के प्रभारी कार्यपालन अभियंता जितेंद्र समैया, संजीव दुबे, खिलावन चन्द्राकर सहित अन्य लोगों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कंटेनमेंट जोन को थोड़ा और आगे बढ़ाने के निर्देश दिये गए।
अफसरों ने अपील करते हुए कहा है कि किसी की तबीयत खराब होने पर या कोरोना के लक्षण दिखने पर तत्काल कोरोना जांच कराएं। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में संलग्न व्यक्ति फिजिकल डिस्टेंसिग और सेनिटाइजेशन करते हुए कन्टेनमेंट जोन में प्रवेश कर सकेंगे। अन्य किसी भी व्यक्ति को कन्टेनमेंट जोन से बाहर निकलने या अन्दर आने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है।



