12 घंटे के अंदर आरोपी को किया गिरफ्तार:सिंचाई को लेकर हुआ विवाद तो कर दी युवक की हत्या

खेत में नहर के पानी से सिंचाई करने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। शनिवार को धनसाय राम पिता गर्राराम यादव (50) निवासी भुरसाढाब ने थाना कांसाबेल रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शुक्रवार को उसका पुत्र सालिक राम (25) शाम को कांसाबेल रोड पर भुरसाढाब के पास स्थित गिरधारी यादव के खेत की तरफ नहर का पानी खेत में पटाने के लिए गया था। रात करीब 9 बजे अपने साथी जयप्रकाश के साथ वापस घर आया।
कुछ समय रूककर दोनों गिरधारी यादव के मुर्गी फार्म में गए और वही खाना खाकर जयप्रकाश वहीं सो गया और सालिक राम मोबाइल से बात करते हुए रोड की तरफ निकला था। शनिवार की सुबह करीब 5 बजे भुरसाढाब निवासी आनंद सिदार ने धनसाय के घर जाकर बताया कि उसका पुत्र सालिक राम कांसाबेल बगीचा मेन रोड भुरसाढाब में मेरे घर के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर धनसाय जाकर देखा तो लाश उसके पुत्र सालिकराम की है। इसकी सूचना उसने कांसाबेल पुलिस को दी।
पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302, 201 भादवि कायम कर जांच शुरू की। कांसाबेल पुलिस ने संदेही लक्ष्मण राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि शनिवार को वह बगीचा मार्ग पर ग्राम भुरसाढाब स्थित अपने खेत में नहर का पानी पटाने के लिए गया था तो वहां पर सालिक राम ने उससे खेत में बह रहे नहर के पानी को बांधकर अपने खेत में ले जाने पर आपत्ति जताई और गाली गलौच करते हुए मारपीट करने की कोशिश करने लगा।
इस पर आरोपी ने आवेश में आकर मेड़ को बांधने के लिए लेकर आए फावड़े से सालिक राम पर 4 से 5 बार वार कर दिया और उसे बीच रोड में ले जाकर लात व मुक्के से पीट पीट कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के खिलाफ पुलिस को अपराध सबूत पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।



