पुलिस कार्रवाई:मोपेड में 4 किलो गांजा लेकर जा रहे महिला-पुरुष गिरफ्तार

- तस्करी के लिए ही रेंगाकठेरा से कार भी चुराई थी, कोंडागांव से बरामद
जालबांधा पुलिस की टीम ने मोपेड से खैरागढ़ की दिशा में जा रहे महिला पुरुष से 4 किलो गांजा बरामद किया है। दोनों ने गांजा मोपेड की डिक्की में छिपाकर रखा था, जिसकी सूचना पुलिस को मुखबीर से मिली। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है ।
इधर आरोपियों से हुई पूछताछ में कार चोरी का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने तस्करी के लिए रेंगकठेरा के पास से एक कार भी चुराई थी, जिसे पुलिस ने कोंडागांव से बरामद किया है। जालबांधा पुलिस ने बताया कि उन्हें दुर्ग से खैरागढ़ की दिशा में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद पवनतरा गांव के पास पुलिस ने घेराबंदी की थी। जहां मोपेड क्रमांक सीजी 07 बीएक्स 4750 में सवार महिला-पुरुष को रोका गया। उन्होंने अपना नाम दुर्ग नवासी जहीर खान (36 वर्ष) व बोरसी निवासी रेशमा खान (35 वर्ष) बताया। पुलिस ने उनकी मोपेड की जांच की। जहां डिक्की के भीतर 4 किलो 118 ग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की कीमत 40 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया। आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की खेप लेकर खैरागढ़ जा रहे थे।
गांजे से भरी मिली गाड़ी का मामला भी नहीं सुलझा: इधर गैंदाटोला के घुपसाल के पास मिले गांजे की बड़ी खेप मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली है। कीचड़ में फंसी ट्रक को चालक छोड़कर फरार हो गया था। जिसमें 88 लाख रुपए का गांजा नमक की बोरियों के नीचे मिला था। पुलिस ने मामले की जांच तेजी से करने का दावा किया था, लेकिन इस मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ट्रक को हरियाणा का होना बताया गया था।
नंबर प्लेट बदल कार का कर रहे थे उपयोग
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा तस्करी के लिए उन्होंने जून माह में रेंगाकठेरा मोड़ के पास से कार क्रमांक सीजी 11 ई 0331 भी चुराई थी। जिसका नंबर प्लेट बदलकर वे तस्करी में इस्तेमाल कर रहे थे। आरोपियों द्वारा दी जानकारी के बाद पुलिस ने चोरी की कार को कोंडागांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।



