झूठी शिकायत:जपं उपाध्यक्ष कौशिल्या के पुत्र पर सरपंचों को धमकाने का आरोप, सीएम के नाम ज्ञापन

- संघ ने कहा- ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्य साथियों को देने बनाता है दबाव
जनपद पंचायत कोरबा के उपाध्यक्ष कौशिल्या वैष्णव के पुत्र पर सरपंचों को धमकाने का आरोप लगा है। सरपंच संघ ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टोरेट में सौंपे ज्ञापन में ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों का काम साथियों को देने दबाव बनाना भी बताया है। सरपंच संघ के अध्यक्ष फूलसिंह कंवर ने बताया कि ग्राम पंचायतों में जाकर जनपद उपाध्यक्ष वैष्णव का पुत्र सरपंच-सचिवों से रुपए की वसूली करने के प्रयास में लगा है। मुंहमांगी रकम देने से इनकार करने पर उनके साथियों को ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों का काम देने उन पर दबाव बनाता है।
उसके हिसाब से नहीं चलने पर झूठी शिकायत करा ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों की जांच कराने की धमकी भी देता है। यह सब होने के बाद भी जनपद उपाध्यक्ष का मौन रहना उनकी सहमति को दर्शाता है। सरपंच संघ ने उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी है। जिसे पंचायत सचिवों का समर्थन मिलना भी बताया है। ज्ञापन में भुलसीडीह, नकटीखार, उरगा, जामबहार, अजगरबहार, फुलसरी, पहंदा समेत दर्जनभर से अधिक ग्राम पंचायतों के सरपंचों के सील व हस्ताक्षर है। इस संबंध में जनपद उपाध्यक्ष कौशल्या वैष्णव से चर्चा करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।


