रायगढ जिला

ट्रैफिक नियमों के पालन पर दिया जोर:हादसों पर बोले आईजी, रफ्तार की मर्यादा न भूलें युवा

  • आईजी रतनलाल डांगी ने किया कोतरा रोड थाने का निरीक्षण

शुक्रवार को बिलासपुर रेंज आईजी रतनलाल डांगी ने कोतरा रोड थाने का निरीक्षण किया। बढ़ते सड़क हादसों पर उन्होंने पत्रकारों से बात की। आईजी बोले, दुर्घटनाएं दुखद हैं। अच्छी सड़क पर गाड़ी चलाते वक्त युवा रफ्तार का ध्यान रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

आईजी डांगी शुक्रवार 10 बजे कोतरा रोड थाने में पहुंचे। उनके साथ एसपी संतोष सिंह, एएसपी अभिषेक वर्मा, सीएसपी अविनाश सिंह ठाकुर, डीएसपी पुष्पेन्द्र बघेल, एसडीओपी सारंगढ़ प्रभात पटेल भी थे। आईजी ने थाने के मालखाने, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचक कक्ष, महिला डेस्क का बारी-बारी से निरीक्षण किया। इसके बाद रोजनामचे की डायरी, विलेज क्राइम नोट बुक जैसे रजिस्टरों को खंगाला। थाना प्रभारी कोतरा रोड टीआई चमन सिन्हा से पंजीबद्ध अपराध, प्राप्त शिकायत आदि पर पूछताछ की। आईजी ने ठगी के मामलों को गंभीरता से लेने और महिला नाबालिगों के अपराधों में समय-सीमा में चालान न्यायालय पेश करने के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। रवाना होने से पहले आईजी ने मीडिया से मुलाकात की। मुलाकात में उनसे बढ़ते सड़क हादसों पर सवाल पूछे गए। सड़क हादसे को उन्होंने दुखद बताया। इसके साथ ही कहा कि सड़क देखकर युवा अपनी रफ्तार पर संतुलन ना खोएं। उल्लेखनीय है कि रायगढ़ सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में लगातार प्रदेश के टॉप 3 जिलों में बना हुआ है।

थाने में बेहतर प्रबंधन देख घोषित किया नकद इनाम

आईजी ने थाने के अपराध, शिकायत की निवारण के साथ थाने में अभिलेखों, मालखाना का रख रखाव, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों, सीसीटीएनएस डाटा एंट्री और बेकार चीजों को नष्ट करने के तरीके से काफी प्रभावित हुए। आईजी ने थाने के सभी स्टाफ को इनाम देने की घोषणा की है। आईजी रतनलाल डांगी ने थाने के टीआई से लेकर आरक्षक सभी से मुलाकात की। आईजी ने सभी से व्यक्तिगत एवं ड्यूटी से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की। जवानों से कहा कि समाज के बीच पुलिस की छवि को बेहतर बनाने का प्रयास करें। नागरिकों से अच्छा व्यवहार और अपराधियों पर सख्ती दिखाएं।

Related Articles

Back to top button