ज्ञापन सौंपा:मंदिर के पास से शराब दुकान हटाने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भाजपा मण्डल जरही व नागरिकों की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने मण्डल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता की अगुवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। कहा गया है कि जरही में शिव मन्दिर रिहायशी क्षेत्र में स्थित है। मन्दिर के समीप खुली नई शराब दुकान नियम विरुद्ध है। शराब दुकान के कारण शिव मन्दिर के आस-पास रहने वाले सैकड़ों परिवार का रहना मुश्किल हो रहा है। जिसे तत्काल स्थानान्तरित करने की मांग की गई।
शिव मन्दिर के मुख्य गेट के पास पानी टंकी बनाने प्रस्तावित है। यदि शिव मन्दिर के मुख्य गेट के पास पानी टंकी बनती है तो नगर वासियों को परेशानी होगी। इस कारण प्रस्तावित पानी टंकी अन्य उचित स्थान पर बनाये जाने की मांग की गई। इसी तरह हाई स्कूल जरही के परिसर के अन्दर कॉजी हाउस है, जबकि हाई स्कूल जरही में हजारों छात्र हैं। ज्ञापन में कहा गया है, समस्याओं का निदान 10 दिन के भीतर नहीं होता है तो प्रदर्शन कर चक्काजाम करेंगे।



