अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषदुर्ग जिलास्थानीय समाचार

घर के कूलर और गमला से मिला मच्छर का लार्वा,5 लोगों पर लगाया एक-एक हजार का जुर्माना

भिलाई/12 जुलाई 2021/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिसाली नगर निगम ने मच्छर के स्रोत को खत्म करने का अभियान शुरु किया है। अभियान के तहत घर में या आसपास गंदगी या पानी इक्ट्‌ठा करने पर जुर्माना वसूला जाएगा। इतना ही नहीं यदि घरों से मच्छर का लार्वा मिलता है तो भी कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में मच्छर का लार्वा मिलने पर पांच घरों से एक-एक हजार रुपए जुर्माना और 8 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
दरअसल, मच्छर से होने वाली जानलेवा बीमारियां मलेरिया, डेंगू और फाइलेरिया से आम लोगों को बचाने के लिए आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सीबीसी बंजारे ने रिसाली क्षेत्र में आजाद मार्केट चौक के क्षेत्र में निरीक्षण किया। यहां सबसे पहले उन्होंने टायर पंक्चर, फल व खाने-पीने के स्टॉल के आस पास जांच की। इसके बाद रिसाली सेक्टर के बीएसपी आवासों और पॉश कॉलोनी मैत्री नगर के घरों में जांच की। इस दौरान उन्हें कूलर, गमले व डस्टबीन में मच्छर का लार्वा मिला। जिसके बाद यह पूरी कार्रवाई की गई है
मच्छर एक बार में 200 अंडे देता हैं
जिला मलेरिया अधिकारी सीबीसी बंजारे ने बताया कि मच्छर एक बार में 200 अंडे देता है। अंडे से लार्वा और मच्छर पनपने में 7 दिन का समय लगता है। ऐसे में सावधानी ही बचाव है। कूलर की नियमित सफाई नहीं करने से अंडा कोने में रह जाता है। यह अंडा 6 माह बाद भी सक्रिय हो जाता है जो बेहद खतरनाक है। इसलिए सफाई करना बहुत ही ज़रुरी है।
मच्छरों के लिए अनुकूल समय
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मच्छर जनित रोग के लिए जुलाई-अगस्त का माह अनुकूल रहता है। पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को समझाया भी जा रहा है। इसके बाद भी लापरवाही बरतने और घर पर लार्वा मिलने पर पहली बार में एक और दूसरी बार 5 हजार जुर्माना वसूलने का प्रावधान है। रिसाली निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बताया कि निगम क्षेत्र में 26 हजार से अधिक घर हैं। हमारे कर्मचारी घर-घर पहुंचकर कूलर की जांच कर टेमीफॉस का वितरण कर रहे हैं। जहां पानी जमा है, वहां पर ट्रिटमैंट किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button