रफ्तार ने फिर ली जान:दर्दनाक: वृद्धा को ट्रक ने रौंदा, कटकर दो हिस्सों में बंटा शरीर

- चिचोला के छुरिया मोड़ के पास हादसा, नाती के साथ बाइक से घर लौट रही थी वृद्धा
चिचोला में छुरिया मोड़े के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक में पीछे बैठी 60 वर्षीय महिला ट्रक के नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उनका शरीर कटकर दो हिस्सों में बंट गया। बाइक चला रहे महिला के नाती और बीच में बैठी नातिन को भी चोंटें आई हैं।
हादसा शनिवार दोपहर 12.30 बजे का है। गोविंदपुर निवासी 60 वर्षीय कचरी बाई सिन्हा शादी समारोह में शामिल होने चारभाठा गई थी। शादी खत्म होने के बाद कचरी बाई को उसका नाती विष्णु सिन्हा (20) बाइक से छोड़ने गोविंदपुर जा रहा था। दोनों पाटेकोहारा पहुंचे, जहां कचरी बाई अपनी बेटी के घर कुछ देर के लिए रुकी, पाटेकोहरा से उनकी नातिन दीपिका सिन्हा (18) भी साथ जाने तैयार हो गई।
विष्णु अपनी नानी कचरी बाई और दीपिका को बाइक पर बैठाकर गोविंदपुर जाने निकला, तभी छुरिया मोड़ के पास सड़क के दूसरे हिस्से में जाने के लिए उसने चौक से रांग साइड में बाइक डाली, तभी नागपुर की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। ट्रक की ठोकर लगते ही दीपिका और विष्णु दूर छिटक गए, कचरी बाई चक्के के नीचे आ गई। वह ट्रक ने नीचे फंसी घिसटते रही। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घायलों को तत्काल छुरिया हास्पिटल पहुंचाया गया
आसपास लोग मौजूद लोगों ने तत्काल घायल दीपिका और विष्णु को डॉयल 112 वाहन के माध्यम से छुरिया हास्पिटल पहुंचाया। दोनों को हाथ-पैर में गंभीर चोंटें आई है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रिफर किया गया है। इधर मृतका के क्षत विक्षत शव को पुलिस ने मौके से हटवाकर पीएम कराया। इसके बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस दर्दनाक हादसे ने आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुल पर ट्रक पलटा, यहीं माहभर में दसवां हादसा
इधर छुरिया मोड़ से 100 मीटर दूरी पर ही पुल पर टमाटर से भरा ट्रक पलट गया। यह हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ। जानकारी मुताबिक महाराष्ट्र की दिशा से ट्रक टमाटर लेकर राजनांदगांव की ओर जा रहा था, तभी ट्रक चालक ने पुल के पास नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। महीनेभर में चिचोला के उक्त पुल पर यह दसवां हादसा है। लगातार पुल में ट्रक पलटने की घटना हो रही है।



