रायगढ जिला

शिकायत:जिले में आना हो तो बस 100 रुपए दे दीजिए, फिर कोरोना का डर नहीं

  • ओडिशा बॉर्डर पर कर्मियों पर वसूली का आरोप, शिकायत मिलते ही जांच शुरू

कोरोनाकाल में ओडिशा बॉर्डर पर चेकपोस्ट बनाया गया। अब यहां तैनात कर्मचारी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट, टेस्ट रिपोर्ट और आइसोलेशन की बात कह आने वालों से 100-200 रुपए की वसूली करने लगे हैं। इस तरह की शिकायतें कई दिनों से आ रही थीं, और अब झारखंड के एक स्कूल संचालक ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखते हुए कलेक्टर को मेल भेजा है। कलेक्टर के निर्देश पर इसकी जांच चल रही है।

पड़ोसी राज्यों से वायरस हमारे जिले में न पाए इसलिए कोरोना कहर के दौरान बॉर्डर पर कोटवार, शिक्षक और पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। खुद की जान खतरे में डालकर काम करने वाले लोगों की तारीफ भी हुई, पर अब ओडिशा से आने वालों से अवैध उगाही कर यहां के कर्मचारी पुराने अच्छे कामों पर पानी फेर रहे हैं। कुछ लोगों ने यहां तैनात शिक्षक व कर्मचारियों पर ओडिशा से जिले में इंट्री देने के नाम पर वसूली का आरोप लगाया है। इन कर्मचारियों का हौसल इतना बढ़ गया है कि आमलोग तो छोड़िए कलेक्टोरेट के कर्मचारी के परिजन से भी उगाही कर ली।

200 रु. मांगे, बहस की फिर भी 50 लेकर छोड़ा
गौरव गोयल नामक झारखंड के एक शख्स ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को पत्र लिखा है। बताया, ई-पास दिखाने होने के बाद भी उनसे कोरोना जांच का सर्टिफिकेट मांगा गया। नहीं देने पर बेलपहाड़ में जांच कराकर रिपोर्ट लाने के लिए कहा । आखिर में कर्मचारी बोले, 200 रुपए दो और जाओ। थोड़ी देर बहस के बाद आखिरकार 50 रुपए लेकर उसे रायगढ़ आने दिया गया।

जांच के नाम पर रोका और 100 रुपए लिए
गोपाल मिश्रा नाम के ट्रांसपोर्टर ने बताया कि उनकी ट्रांसपोर्टिंग सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और रायगढ़ होती है। कोरोनाकाल के दौरान उन्हें काम से आना जाना पड़ा । उन्हें रायगढ़ आना पड़ता था। बॉर्डर पर रोककर कर्मचारियों ने उनसे जांच रिपोर्ट या वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट मांगा गया। कागजात नहीं होने पर उनसे 500 रुपए मांगे गए, आखिर में 100 रुपए देने पर रायगढ़ आने दिया गया।

महिला कर्मी के परिजन को भी नहीं छोड़ा
कलेक्टोरेट की महिला कर्मचारी ने बताया कि पिछले दिनों उनके परिजन ओडिशा से आए। कर्मचारी ने उन्हें रोका और रुपए मांगे। महिला कर्मचारी के परिजन होने की बात कहने पर भी चेक पोस्ट पर प्रति व्यक्ति 200-200 रुपए लिए और जाने दिया। रुपए लेने के बाद उन्होंने न तो वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट मांगा और न ही किसी तरह की जांच की।

नहीं लगवाया कैमरा
धान खरीदी के समय पर इस बैरियर पर सीसी कैमरा भी लगाए गए थे। पुलिस ने यहां कैमरे लगवाए थे बाद में बैरियर हटा तो कैमरे भी हट गए। दूसरी लहर में बैरियर बना, पर कैमरे दोबारा नहीं लगे। एयर टिकट लेकर यात्रा करने वालों से ज्यादा पूछताछ नहीं किए जाने के निर्देश हैं लेकिन उन्हें भी परेशान किया जाता है।

एसडीएम रायगढ़ को जांच रिपोर्ट देंगे
छत्तीसगढ़-ओडिशा चेकपोस्ट पर कर्मचारियों द्वारा इंट्री देने के नाम पर वसूली की शिकायत मिली है। एसडीएम से कहा गया है, वे जांच कराकर रिपोर्ट देंगे। ऐसा करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।”
राजेन्द्र कटारा, एडीएम

Related Articles

Back to top button