ATM से रुपए उड़ाने वाले गिरोह का खुलासा:राजस्थान और मध्य प्रदेश से दो गिरफ्तार, पुलिस इनके कारनामों से थी परेशान, अब तक 5 लाख से अधिक की रकम उड़ा चुके थे

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हो रही एटीएम से चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। भिलाई के सेक्टर 04 मार्केट क्षेत्र के एडीडब्लूएम (रुपए जमा और निकासी करने वाली मशीन) से 3 लाख 70 हजार रुपए व दुर्ग शहर के गंजपारा एसबीआई एटीएम से 1 लाख 45 हजार रुपए उड़ा दिए थे। इनके पास से 1 लाख 18 हजार रुपए जब्त किए गए हैं। दोनों को राजस्थान और मध्य प्रदेश से पकड़ा गया है।
बढ़ रहीं वारदातें
जिले में लगातार बढ़ रही एटीएम से चोरी को लेकर कई मामले सामने आए। लेकिन इस बार एक ऐसा मामला सामने आया जिसे देखकर पुलिस भी हैरान थी। बिना एटीएम मशीन तोड़े ही आरोपी लाखों रुपए निकालकर उड़ गए। इस तरह का जिले में पहला मामला था, जब बिना मशीन के टूटे रुपए की निकासी की गई हो, इस पर पुलिस को भी समझ आ गया था कि कोई दूसरे राज्य का गिरोह है। जिसने इस वारदात को अंजाम दिया है।
अपराधियों का कारनामा
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने एटीएम से 10 हजार रुपए निकालते और जैसे ही प्रॉसेस होता, एटीएम से रुपए निकलने वाले होते थे, तभी ब्लाॅक कर देते थे। ऐसा कर बैंक एटीएम से 10-10 हजार रुपए निकालते थे। ऐसा करने से डाटा में निकासी की इंट्री नहीं हो पाती थी। आरोपी के अकाउंट से रुपए कटने के बजाए मशीन में रखा नोट निकलता था। दुर्ग-भिलाई में पहली बार इस तरह से रुपए चोरी करने का मामला सामने आया था।
IDBI बैंक मैनेजर ने लिखित में की थी शिकायत
भिलाई के IDBI बैंक मैनेजर रविन्द्र कुलकर्णी ने 24 जून को एक लिखित आवेदन दिया था। इसमें बैंक के एटीएम से 18 जून को 22 बार और 19 जून को 15 बार एक ही एटीएम का उपयोग कर 3 लाख 70 हजार रुपए कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा एडीडब्लूएम मशीन से चोरी कर ले गए है। इसकी रिपोर्ट पर भट्टी थाने में धारा 380 अपराध दर्ज किया गया था। दूसरी तरफ गंजपारा दुर्ग की एसबीआई बैंक के एटीएम से 1 लाख 45 हजार रुपए चोरी होने का मामला भी सामने आया था।
इस तरह हुआ खुलासा
एडिशनल एस.पी संजय ध्रुव ने बताया कि जब शहर में इस तरह की एटीएम से चोरी की वारदातें होने लगीं, उसके बाद एक जांच टीम बनाई गई। टीम ने सारी जानकारी जुटाई कि किस खाते से कितने रुपए निकाले गए हैं। खाते का स्टेटमेंट, खाता धारक का नाम पता और अन्य तकनीकी जानकारी एकत्रित होने पर आरोपियों को पकड़ने हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान विशेष टीम भेजी गई थी, जहां एक आरोपी भरतपुर (राजस्थान) से आमिर खान (25 वर्ष) और सिवनी (मध्य प्रदेश) से सपात खान (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 1 लाख 18 हजार नकद जब्त किए गए हैं। इनके बैंक खातों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।



