गिरफ्त में गो तस्कर चिंटू-मिंटू:ढाई माह में 3 बार मारा छापा, हर बार चकमा देकर भागे, इस बार दो थानों की फोर्स ने दौड़ा कर दोनों भाइयों सहित 3 को पकड़ा

छत्तीसगढ़ के मुंगेली में पुलिस ने गो तस्कर भाइयों चिंटू-मिंटू सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों भाई पुलिस को लंबे समय से चकमा दे रहे थे। हर बार पुलिस उन्हें पुलिस पकड़ने के लिए छापा मारती, लेकिन वह हाथ से निकल जाते। इस बार दो थानों की फोर्स ने दोनों भाइयों का पीछा कर उन्हें दौड़कर धर दबोचा। दोनों भाई आसपास के क्षेत्र में पशु तस्करी के लिए कुख्यात हैं। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि मुंगेली के ग्राम भथरी निवासी अभिलाष कुमार उर्फ चिंटू डेनियल और विकास उर्फ मिंटू डेनियल अपने ही गांव के एक मुर्गी फार्म में छिपे हुए हैं। इस पर उन्होंने पुलिस अफसरों को सूचना दी। साथ ही पड़ोसी जिले मुंगेली के जरहागांव थाना पुलिस से भी मदद मांगी। इसके बाद मुर्गी फार्म पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही आरोपी दोनों भाई अलग-अलग दिशा में भागने लगे।
सभी आरोपियों को जेल भेजा गया
इस पर पुलिस ने दोनों भाइयों को दौड़ाकर पकड़ लिया। इस दौरान एक अन्य आरोपी तखतपुर निवासी अशोक श्रीवास भी आरोपियों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने गो तस्करी कबूल कर ली। आरोपी बछड़ा, बैल और गाय की तस्करी काफी समय से दूसरे राज्यों में कर रहे थे। इससे पहले पुलिस ने 23 अप्रैल और 29 मई को भी छापा मारा था, लेकिन आरोपी भाई बच निकले थे। हालांकि पुलिस ने उनके ड्राइवर मुकेश निर्मलकर को पकड़ लिया था।



