:कवर्धा:अवैध कब्जे पर हुई कार्यवाही :

कवर्धा|से लगे ग्राम सैगोना में दो एकड़ 11 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर अतिक्रमणकारियों ने उक्त जमीन पर कॉम्प्लेक्स बना लिया था। यहीं नहीं, कुछ निर्माण के लिए नींव खोदाई का काम चल रहा था। नोटिस के बाद भी जब कब्जा नहीं छोड़ा, तो राजस्व अमले ने मंगलवार को जेसीबी से अवैध निर्माण तोड़ डाले।
कवर्धा तहसीलदार मनीष वर्मा ने बताया कि कवर्धा के समीप ग्राम सैगोना में खसरा नंबर 87 में 2 एकड़ 11 डिसमिल शासकीय भूमि दर्ज है। उक्त भूमि पर ग्राम मजगांव के सुखदेव और सुखराम ने नींव लेबल से लगभग 4 फीट ऊपर 4 कांप्लेक्स बना लिया था। इसी तरह नंदू पिता कुंवर सिंह, चंदू पिता कुमार सिंह, राम कुमार पिता डेरहा ने 6 कॉम्प्लेक्स छत लेवल बनाकर अतिक्रमण किया था।
वहीं आनंद पिता मायाराम ने 6 कॉलम का नींव खोदकर अतिक्रमण किया था। इसके अलावा भागबली पिता प्यारे, नरेश पिता साहेब, धनेश पिता बेदूराम, पवन पिता पंचराम, रतन पिता परदेसी ने ठेला रखकर अतिक्रमण किया था। ग्राम पंचायत ने 25 फरवरी को अतिक्रमणकारियों को कब्जा छोड़ने नोटिस जारी किया था। लेकिन कब्जा नहीं हटा और न निर्माण कार्य रूका। इस पर मंगलवार को तहसीलदार ने पुलिस बल के सहयोग से सभी 8 कॉम्प्लेक्स को जेसीबी से तोड़वा दिया। कार्रवाई के दौरान सरपंच सुनीता साहू, पंचगण, हल्का पटवारी, कोटवार, पुलिस के जवान उपस्थित रहे।



