इंतजार:कलेक्टर,एसपी के लिए करना होगा इंतजार, पुलिस व राजस्व दोनों के लिए होंगे ओएसडी

- अधिसूचना के अंतिम प्रकाशन तक वर्तमान कलेक्टर करेंगे मॉनिटरिंग
- जांजगीर-चांपा सिमट जाएगा 367 गांवों में, सक्ती 548 गांवों के साथ होगा बड़ा जिला
सीएम ने सक्ती को जिला बनाने की घोषणा 15 अगस्त को कर दी है, लेकिन यहां कलेक्टर की पदस्थापना फिलहाल नहीं हो सकेगी, क्योंकि कलेक्टर की पदस्थापना तभी होती है, जब जिला का गठन हो जाता है। इस प्रक्रिया में अभी समय है। इसलिए सरकार अभी किसी भी आईएएस को ओएसडी यानि विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में पदस्थ कर सकती है। वर्तमान में यहां एसडीएम के रूप में आईएएस रेना जमील पदस्थ हैं, सरकार उन्हें भी ओएसडी बना सकती है। वहीं पुलिस विभाग की ओर से भी एक ओएसडी होंगे।
इनके द्वारा जिले के सभी कार्यालयों की व्यवस्था से लेकर अधिकारी- कर्मचारियों का सेटअप तैयार किया जाएगा। इसके बाद अंतिम प्रकाशन के बाद ही जिला का विधिवत गठन हो सकेगा। जिला की घोषणा होने के साथ ही सरकारी कार्यालयों कलेक्टोरेट, एसपी ऑफिस, जिला पंचायत, सीएमएचओ, जिला पंजीयक, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सहित तमाम बड़े कार्यालयों के संचालन के लिए भी भवन आदि की तलाश अब शुरू हो जाएगी। कलेक्टोरेट के लिए नंदेली में संचालित फारेस्ट विभाग के वन विद्यालय प्रशिक्षण केंद्र का उपयोग वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में किया जा सकता है। एसपी ऑफिस के लिए नए एसडीओपी कार्यालय का भी उपयोग हो सकता है।



