हाई वोल्टेज सप्लाई:घर में जमीन पर सोए 3 लोग झुलसे; अफसर बोले-ऐसा संभव नहीं जांच करेंगे

गेरवानी के उज्ज्वलपुर गांव में ट्रांसफार्मर से हाई वोल्टेज सप्लाई के कारण करंट से कुछ लोगों के झुलसने और कई लोगों के घरेलू उपकरण खराब होने की बात सामने आई है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। जिला अस्पताल में लोगों का उपचार जारी है। झुलसने वालों में 3 साल की बच्ची भी शामिल है। बिजली विभाग ने मौके पर जाकर कनेक्शन सुधार दिया पर करंट लीक कैसे हुआ यह साफ नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात लगभग 3.30 बजे गेरवानी के उज्जवलपुर गांव की लाइट चली गई। इसी दौरान यहां रहने वाले 20 से ज्यादा घरों में टीवी, कूलर पंखे एक-एक कर उड़ने लगे। लोग डर से बाहर निकले। गांव में एक रामप्रसाद यादव अपनी पत्नी धुरनी बाई और 3 साल की बच्ची के साथ दीवार किनारे सोए हुए थे।
अचानक करंट आने से वे बुरी तरह से झु़लस गए। 3 साली की बच्ची सबसे अधिक झुलसी हुई है। आनन-फानन में ग्रामीणों ने परिवार को इलाज के लिए मेकाहारा में भर्ती कराया। गुरुवार को बिजली विभाग ने जाकर गांव में कनेक्शन जोड़ दिया।
बच्ची की हालत गंभीर
ग्रामीण दंपती को सामान्य चोट है लेकिन तीन साल की बेटी 60 प्रतिशत से अधिक जली हुई है। संक्रमण शरीर में फैलता जा रहा है। बिजली विभाग के अफसरों के अनुसार बिजली सप्लाई के कारण ऐसे हादसे की पुष्टि होने पर स्थायी अपंगता या मौत के मामलो में मुआवजा मिल सकता है।
पूूरा गांव दहशत में
करंट लीकेज होने का ऐसा पहला मामला आया है। अधिकतर घरों के बिजली उपकरण खराब हो गए हैं। उज्ज्वलपुर के पास कॉलोनी में भी नुकसान होने की बात कही जा रही है। ग्रामीण अभी सोने से भी डर रहे हैं लेकिन इस मामले में कहीं कोई रिपोर्ट नहीं होने से वे मामले को समझ नहीं पा रहे हैं।
ऐसा होना संभव नहीं, मामले की जांच जरूरी – मामले में भास्कर ने बिजली विभाग डिवीजन-1 के ईई एस के साहू और डिवीजन-2 के ईई गुंजन शर्मा से बात की। दोनों ने यही बताया कि ऐसा संभव है। यदि ट्रांसफार्मर में किसी सांप या गिरगिट के आने से कोई फॉल्ट आया हो तो हाई वोल्टेज अचानक घरों में पहुंच सकता है। हालांकि इसे रोकने के लिए ट्रांसफार्मर में कई उपकरण लगे होते हैं। जांच के बाद पता चलेगा कि ऐसा क्यों हुआ।



