रायगढ जिला

हत्या का प्रयास:बड़े भाइयों ने किया युवक का अपहरण, नदी में फेंका, ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचकर बचाई युवक की जान

जमीन विवाद के कारण बड़े भाइयों ने दोस्त के साथ मिल युवक का अपहरण किया। उससे मारपीट के बाद हाथ-पैर बांध कर हाटी पुल से नदी में फेंक दिया। घटना को देखने के बाद एक युवक ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राइनो टीम ने युवक को रेस्क्यू कर पहले छाल और फिर रायगढ़ अस्पताल भिजवाया। तीन आरोपियों पर पुलिस ने अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह लगभग 10.16 बजे छाल थाने के 112 राइनो टीम को एक ग्रामीण ने फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने एक युवक को बांध कर नदी में फेंक दिया है। युवक अपना नाम विनोद कुमार पन्ना बता रहा है। वह गंभीर हालत में था और चल नहीं पा रहा था। आरक्षक दुर्गेश पटेल और हरीश पटेल ने विनोद का बाहर निकाला और पहले छाल अस्पताल पहुंचाया। यहां गंभीर हालत के कारण युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

घायल युवक विनोद पन्ना (34) बागबहार जशपुर जिले का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि उसका कोरबा के न्यायालय में जमीन विवाद का एक केस चल रहा है। 2 जून को धरमजयगढ़ के जगड़ा में उसके ममेरे भाइयों और उनके दोस्तों से विवाद हुआ था। उसके साथ मारपीट की गई।

उसने पत्थलगांव जाकर चोट का इलाज कराया। इसके बाद 24 जून को लैलूंगा अस्पताल में भर्ती हुआ। यहां उसका इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह 10 बजे वह नाश्ता करने अस्पताल से बाहर निकला।

इसी वक्त लैलूंगा हाईस्कूल पारा में रहने वाला उसका भाई पारस पन्ना (38), मुन्नू पन्ना (35) और उसका दोस्त अजय चौहान के साथ एक इनोवा गाड़ी में आए। उससे मारपीट कर उसे जबरन गाड़ी में बैठाया और जबरन गाड़ी में बिठा कर कोरबा के रास्ते ले गए। हाटी पुल के पास तीनों ने गाड़ी से राड, डंडा निकालकर हमला कर दिया। इसके बाद उसकी शर्ट से उसके हाथ और पैर बांध दिए।

हत्या की मंशा से उन्होंने विनोद को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने पारस पन्ना, मुन्ना पन्ना व अजय चौहान के विरुद्ध शून्य पर अपहरण और हत्या के प्रयास की धारा 365, 307, 34 दर्ज कर डायरी लैलूंगा थाने को भेजी है।

Related Articles

Back to top button